पिता के लिए बेटियों ने मांगी फांसी:कहा- अम्मी पाक थी, लेकिन अब्बू ने मार डाला; मेरठ में पति ने की थी पत्नी की हत्या

हमारी अम्मी पाक थीं, निकाह के 20 सालों में आज तक अम्मी ने किसी की तरफ आंख उठाकर नहीं देखा। वो ताउम्र हम बच्चों, हमारे परिवार और अब्बू के लिए सोचती रहीं। अब्बू के जुल्म सहती रहीं, लेकिन अब्बू ने उन पर शक किया। उनको गलत समझा। कुछ लोगों के कहने पर अब्बू, मम्मी पर शक करते रहे और उनकी हत्या कर दी है। हम चाहते हैं कि हमारे अब्बू को फांसी की सजा दी जाए, सरकार और देश का कानून अब्बू को कभी जेल से बाहर नहीं आने दे। रोते हुए अपनी मां के लिए इंसाफ मांगती हुए शमीना की बेटियों ने ये कहा।। 40 साल की शमीना की 26 जनवरी की रात हत्या कर दी गई थी। उसके शौहर वकील ने रात के अंधेरे में शमीना के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए उसे सरेराह मार डाला। पुलिस ने आरोपी वकील को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है। लेकिन इस हादसे में 6 बच्चों के सिर से उनके माता, पिता का साया उठ गया। दैनिक भास्कर की टीम शमीना के घर पहुंची। जहां उसकी 5 बेटियां और 1 बेटा मिला। बच्चों ने यहीं कहा कि अब्बू को फांसी दी जाए। पूरी रिपोर्ट पढ़िए… पहले जानिए पूरी घटना
मेरठ मेडिकल थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जहां शमीना (40) की उसके ही पति वकील ने चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। मृतका का अपने पति से पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था और वह करीब एक साल से अपने बच्चों के साथ अलग रह रही थी। वॉर्ड आया का काम करने वाली शमीना के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने मंगलवार शाम को हत्या में प्रयुक्त चाकू के साथ आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह शमीना के चरित्र पर शक करता था, इसी शक के चलते उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। 20 साल पहले हुई थी शादी, दोनों के हैं 6 बच्चे
मेडिकल थाना पुलिस के अनुसार लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर निवासी शमीना की शादी करीब 20 साल पहले भावनपुर थाना क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित गांव गोकलपुर निवासी वकील के साथ हुई थी। वकील पेशे से ट्रक चालक है और दोनों के छह बच्चे हैं। उनकी 18 वर्षीय बड़ी बेटी सिलाई का काम करके परिवार की आर्थिक मदद करती है। शमीना काफी समय से गढ़ रोड पर स्थित फैमली हॉस्पिटल में वार्ड आया का काम करती थी। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के कारण शमीना लगभग 11 महीने पहले अपने बच्चों के साथ कमालपुर गांव में एक कमरा लेकर रहने लगी थी। इस दौरान उसका अपने पति से मिलना-जुलना और बात करना पूरी तरह से बंद था। अब शमीना के बच्चों ने जो बताया वो पढ़िए… अम्मी ने तो उनको सपोर्ट किया वो गलत निकले
शमीना-वकील के मेरठ के घर पर मातम छाया हुआ था। 27 जनवरी को ही शमीना का दफीना हुआ था। सारी रस्में उसके बच्चों और शमीना के मायकेवालों ने निभाई हैं। यहां घर पर शमीना के 6 बच्चे और रिश्तेदार बैठे थे। बेटियां बैठी हुई रो रही थीं। बड़ी बेटी खुशी ने कहा- मम्मी बहुत अच्छी थीं। उनकी शादी को 20 साल हो चुके थे। आज तक अम्मी ने कभी ऐसा काम नहीं किया, जिससे हमें या हमारे घर को परेशानी हो। लेकिन अब्बू हमेशा अम्मी को परेशान करते थे। अब तो उन्होंने अम्मी की हत्या ही कर दी, उनको मार डाला। अम्मी हमेशा पापा को सपोर्ट करती, उनसे काम के लिए कहती थी लेकिन अब्बू ने कभी उनकी बात नहीं मानी, बल्कि बाहरियों ने जो कहा उसे सही मानकर अम्मी पर शक किया और मार डाला। मेरी अपील है कि सरकार अब्बू को फांसी दे। पैसे को लेकर झगड़ते थे अब्बू
घर में ही शमीना, वकील की दूसरे नंबर की बेटी फिजा हमें मिली। बेटी फिजा ने बताया- 6 महीने से हम अलग रह रहे थे। मम्मी-पापा के बीच बस पैसे के लिए झगड़ा होता था। वो अक्सर अम्मी को मारते, पीटते थे। जब मन होता वो अम्मी को घर से निकाल देते। अब्बू खुद कमाते नहीं थे, जब मन होता तब ट्रक चलाते और जब अम्मी कमाने को कहती तो उनको रोकते, पीटते। हमारा घर चलाना भी मुश्किल हो रहा था। अब घर चलाने के लिए अम्मी काम करने लगीं तो अब्बू को ये भी पसंद नहीं था। उन्हें उसमें भी परेशानी थी। वो कहते रहते कि तेरे पैसे कहां जा रहे हैं। वो अम्मी से उनके पैसे मांगते, अगर वो नहीं देती तो पीटते। पापा हमें कभी साथ नहीं रखना चाहते थे
बेटी परी ने बताया- पापा को हम बेटियों से नफरत है। वो कभी हमें साथ नहीं रखना चाहते थे। वो हमेशा अम्मी को ताना देते कि 5 बेटियों पर एक लड़का किया है। इन लड़कियों को अपने साथ ले जा और चली जा। जब चाहे वो खुद घर से गायब रहते। तमाम दिनों तक घर नहीं आते थे। वो हमें भी साथ रखना भी नहीं चाहते थे, न ही मम्मी को कहीं और रहने देते थे। इसलिए 7 महीने पहले उन्होंने हमें घर से निकाल दिया। 3 बेटियां मां के साथ और बेटा 2 बेटियों को अब्बू ने अपने साथ रख लिया। 15 साल बड़े आदमी से कराना था बेटी की शादी
बेटियों ने बताया- अब्बू वकील खुद कुछ नहीं करते। घर चलाना मुश्किल था। वकील ने 1 साल पहले बड़ी बेटी का रिश्ता 15 साल बड़े आदमी से कर दिया था। कहता कि इससे शादी करके बेटी खुश रहेगी। लेकिन वो आदमी कुछ नहीं करता था तब शमीना ने किसी तरह अपनी बेटी को बचाया और रिश्ता होने से रोका था। अम्मी ने ही इस रिश्ते का विरोध किया था। हम चाहते हैं कि हमारे पिता को पुलिस कड़ी से कड़ी सजा दे।
फोन पर दे दिया था तलाक
बेटा-बेटी ने ये भी बताया- पिछले 7 महीने से अम्मी-अब्बू अलग रह रहे थे। लगभग 6 दिन पहले भी वकील ने शमीना को फोन करके हत्या की धमकी दी थी। कहा था कि तुझे मार डालूंगा। उसने छोटी बेटी को काफी पीटा भी था। महीना भर पहले ही अब्बू ने अम्मी को फोन पर तलाक कहकर तलाक दे दिया था। भाई बोला कई दिन से हत्या की धमकी दे रहा था
शमीना के भाई समीर ने कहा कि दोनों में आपस का विवाद था, किसी ने कह दिया कि तेरी पत्नी का गलत चक्कर है, अफेयर है बस उसी शक में जीजा ने हत्या की है। अक्सर इसी बात पर वो बहन से झगड़ा करते थे। पिछले 6-7 महीने से दोनों अलग रह रहे थे। उसने शमीना को सरेआम चाकू से वार किया। चाकू उसके जांघ, गर्दन, चेहरे और सीने पर चाकू मारा था। इससे उसकी हत्या कर दी। बताया कि वो कई दिन से बहन को मारने की धमकी दे रहा था। पहले भी उसके पीछे पड़ा रहता था। कहता तेरी हत्या कर दूंगा, तुझे मार डालूंगा।
पड़ोसी बोले- बहुत अच्छी थी शमीना
वहीं इस मामले पर जब हमने पड़ोसियो से बात की उनसे पूछा कि क्या वाकई शमीना का चालचलन खराब था। वो किसी और से अटैच थी। मोहल्ले में उसकी उठबैठ कैसी थी? तो लोगों ने यही कहा कि शमीना बहुत अच्छी थी। उसको हमने कभी भी किसी और के साथ नहीं देखा। उसने कभी किसी गैरमर्द को आंख उठाकर नहीं देखा। लेकिन वकील ही उसके पीछे पड़ा था। शमीना ने बच्चों की खातिर घरों में काम किया। अस्पताल में आया भी बन गई, लेकिन उसके पति ने कभी उसको सम्मान नहीं दिया। हमेशा उस पर शक करता, उसे पीटता और उल्टासीधा कहता रहा। पूरे मामले में पुलिस का एक्शन पढ़िए… आरोपी पति गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद सीओ अभिषेक तिवारी ने बताया- शमीना के भाई शमीम की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मेडिकल थाना पुलिस ने उसके बहनोई वकील के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई थीं। मंगलवार शाम को पुलिस ने हत्यारोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर शक को ही हत्या का कारण बताया है। —————– ये खबर भी पढ़ें… पति ने पत्नी के मुंह में चाकू मारकर हत्या की:मेरठ में अफेयर का शक करता था, सीने पर बैठकर ताबड़तोड़ वार किए
मेरठ में एक पति ने पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। उसने सबसे पहला वार गर्दन पर किया। इसके बाद दूसरा चाकू मुंह के अंदर मारा। महिला जैसे ही घायल होकर गिरी। युवक उसके ऊपर बैठ गया। महिला के सीने और पेट पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। महिला की मौत होते ही आरोपी वहां से फरार हो गया। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *