पिस्तौल दिखाकर किराना दुकानदार से 12 हजार की लूट:गिद्धौर-जमुई राजमार्ग पर महुली पेट्रोल पंप के पास वारदात

गिद्धौर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक किराना दुकानदार से पिस्तौल दिखाकर 12 हजार रुपये लूट लिए गए। यह घटना गिद्धौर-जमुई मुख्य राजमार्ग पर स्थित महुली पेट्रोल पंप के पास हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट का वीडियो वायरल इंटरनेट मीडिया पर हो रहा है। पीड़ित दुकानदार की पहचान गिद्धौर निवासी रूपेश कुमार के रूप में हुई है। रूपेश ने गिद्धौर पुलिस को लिखित शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अपनी शिकायत में रूपेश ने बताया कि वह बुधवार दोपहर अपनी किराना दुकान चला रहे थे। इसी दौरान गिद्धौर निवासी राजा रावत और सचिन रावत उनकी दुकान पर आए और उन्हें व उनकी पत्नी को गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की करने लगे। जब रूपेश ने इसका विरोध किया, तो राजा रावत ने अपनी पिस्तौल निकालकर गोली मारने की धमकी दी। इसी बीच, सचिन रावत ने ईंट से रूपेश पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। रूपेश के पैर और सिर में चोट लगने से वह गिर पड़े। रूपेश के गिरने के बाद, राजा और सचिन ने दुकान के गल्ले में रखे 12 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद वे पिस्तौल लहराते हुए मौके से फरार हो गए। किराना दुकानदार की शिकायत मिलने के बाद गिद्धौर पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *