रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड स्थित ईंटम्हां बाजार में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा को पुराने भवन से नए परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया है। बैंक के अंचल प्रबंधक (पटना अंचल) नाथू राम बंजारा और मंडल प्रबंधक (औरंगाबाद) प्रवीण कुमार ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर दीप प्रज्वलित कर और शिलापट से पर्दा हटाकर नए भवन का शुभारंभ किया गया। अंचल प्रबंधक नाथू राम बंजारा ने अपने संबोधन में कहा कि पीएनबी ग्राहकों को बेहतर योजनाएं और सेवाएं सुलभ तरीके से उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मंडल प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि नए भवन में स्थानांतरण से ग्राहकों को और अधिक सुविधा मिलेगी। उन्होंने शाखा प्रबंधकों को ग्राहकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने के लिए विशेष निर्देश दिए। शाखा प्रबंधक सत्यम कुमार ने कहा कि पुराने भवन में व्यवस्था सही नहीं होने के कारण शाखा को नए भवन में स्थानांतरित किया गया है। उद्घाटन समारोह में बैंक की मेटलाइफ योजना के तहत काराकाट के कांध बहुआरा गांव निवासी वैजयंती देवी को उनके पति की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के उपरांत चौदह लाख रुपये का क्लेम चेक प्रदान किया गया। यह चेक अंचल और मंडल प्रबंधकों द्वारा सौंपा गया। इसके अतिरिक्त, पांच अन्य उपभोक्ताओं को विभिन्न व्यावसायिक ऋणों के लिए चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा प्रबंधक सत्यम कुमार ने की और संचालन एलडीएम शैलेश कुमार ने किया। इस मौके पर जदयू नेता बबन सिंह कुशवाहा, सुदामा यादव, सुमित कुमार सिंह, उदय सिंह, अमरनाथ सिंह, रमजान अली, बैंक कर्मी विकास कुमार, मनोज कुमार, अभिषेक कुमार, राजकिशोर कुमार, कामेश्वर कुमार, संतोष कुमार, मो. शमीम, अभिकर्ता पिंटू कुमार सहित कई सीएसपी संचालक और बैंक ग्राहक उपस्थित रहे।