मंडी जिले के उपमंडल गोहर में पीलिया के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में पीलिया से दूसरी मौत होने के बाद विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) मंडी, डॉ. दीपाली शर्मा ने नागरिक चिकित्सालय गोहर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डॉ. दीपाली शर्मा ने बताया कि पीलिया जैसी गंभीर बीमारी से निपटने के लिए अगले तीन महीने बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों के साथ-साथ आम लोगों की जागरूकता और सतर्कता भी आवश्यक है। सीएमओ ने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने, शुद्ध पेयजल का उपयोग करने और खानपान में विशेष सावधानी बरतने की अपील की। पीलिया प्रभावित मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाया उन्होंने जानकारी दी कि अस्पताल में पीलिया से प्रभावित मरीजों के लिए एक अलग वार्ड की व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के दौरान इस वार्ड में केवल एक मरीज भर्ती पाया गया। यह दर्शाता है कि विभाग स्थिति को नियंत्रित करने के लिए समय रहते प्रयास कर रहा है। सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में बीमारी को फैलने से रोकने के लिए जागरूकता अभियान तेज करने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर बीडीओ श्रवण कुमार, एसडीएम देवीराम, बीएमओ डॉ. राकेश रोशन, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी गोहर डॉ. रविंद्र ठाकुर सहित आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।