पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस पर हमले का मामला सामने आया है। शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 1 बजे गश्त पर निकले दो पुलिसकर्मी एक दुकान पर भीड़ देखकर रुके। पुलिसकर्मियों ने लोगों को रात के समय घर जाने की सलाह दी। कुछ लोगों को यह बात नागवार लगी और उन्होंने सिपाही महावीर पर हमला कर दिया। सिपाही को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में वर्दीधारी जवान को भीड़ से बचकर भागते हुए देखा गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने मामले का संज्ञान लिया। सिपाही महावीर की शिकायत पर सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। सलामत शाह, सोनू शाह, तस्ब्बर अली और सिकंदर अली को आरोपी बनाया गया। रविवार को पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में से तीन का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें तीनों आरोपी थाने से लंगड़ाते हुए निकलते नजर आ रहे हैं,और आरोपी हाथ जोड़कर माफी भी मांग रहे है। आरोपियों ने कहा कि वे अब कभी प्रशासन या पुलिस से नहीं भिड़ेंगे। एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।