हरियाणा के कैथल में शुक्रवार को ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग के दौरान मंत्री अनिल विज और SP उपासना सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हुई। जमीन खरीद में धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में मंत्री विज ने SP को एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड करने का आदेश दिया। इस पर SP उपासना ने मंत्री विज से कहा कि उनके पास सस्पेंड करने की पावर नहीं है, क्योंकि वह कर्मचारी कुरुक्षेत्र में पोस्टेड है। यह सुनकर विज ने कहा कि जब वे सस्पेंड करने का आदेश दे रहे हैं, तो पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही। SP ने कहा कि वे DGP या फिर कुरुक्षेत्र SP को इस बारे में लिखें। SP ने कहा कि वे इस बारे में लिख देंगी। इस पर विज ने कहा कि आप नहीं कर सकतीं जो जाइए। आखिर में DC अपराजिता ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। मंत्री विज और SP उपासना के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो भी सामने आया है। पहले जानिए वह मामला जिस पर विवाद हुआ…. जमीन में गड़बड़ मिलने पर पैसे वापस मांगे मीटिंग में शिकायत लेकर पहुंचे गांव तितरम निवासी मनदीप ने बताया कि उन्होंने करीब 2 साल पहले गांव के ही संदीप नामक व्यक्ति से एक एकड़ एक कनाल जमीन खरीदने की बात की थी। संदीप ने कहा था कि पूरी जमीन एक ही खेवट में है, लेकिन बाद में पता चला कि वह पांच अलग-अलग खेवटों में बंटी हुई थी। संदीप ने जमीन की शुरुआती रकम के तौर पर 7 लाख रुपए भी लिए थे। रुपए लेने के बाद जब मनदीप ने दस्तावेज जांचे और उसमें खामियां मिलीं, तो उन्होंने जमीन लेने से मना कर दिया और संदीप से अपने पैसे वापस मांगे। केस तितरम से करनाल ट्रांसफर कराया मनदीप ने बताया कि पैसे वापस न मिलने पर उन्होंने तितरम थाने में केस भी दर्ज करवाया। संदीप पुलिस विभाग में ASI के तौर पर कार्यरत है और इस समय उसकी पोस्टिंग कुरुक्षेत्र में है। मनदीप का आरोप है कि संदीप ने पुलिस के साथ मिलीभगत करके तितरम से इस केस को करनाल ट्रांसफर करवा लिया। अब वह संदीप से अपने रुपए वापस मांग रहे हैं, लेकिन उसे पैसे नहीं दिए जा रहे। उसे उसके पैसे वापस दिलाए जाएं और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अब जानिए मंत्री विज और SP के बीच कैसे बहस हुई… विज बोले- जांच चलेगी, तब तक सस्पेंड रहेगा वीडियो में दिख रहा है कि मंत्री अनिल विज शिकायतकर्ता से बातचीत कर रहे हैं। शिकायतकर्ता कह रहा है कि “कार्रवाई होनी चाहिए सर।” वह आगे कहता है, “जब मामला यहीं का है और कार्रवाई हो सकती है, तो उसे कहीं और ट्रांसफर करने की क्या जरूरत है।” इस पर मंत्री विज ने कहा कि “मैं ऑर्डर दे रहा हूं, पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई करो। साथ ही यह भी मेंशन करो कि जब तक जांच चलेगी, वह सस्पेंड रहेगा। उसने केस को प्रभावित करने की कोशिश की है।” SP ने कहा- मेरे पास पावर नहीं है तभी SP उपासना ने मंत्री विज से कहा कि “सर, यह मेरी पावर में नहीं है, ये कुरुक्षेत्र SP करेंगे।” यह सुनकर मंत्री अनिल विज भड़क गए। उन्होंने कहा कि “क्या पावर नहीं है? जब मैं कह रहा हूं सस्पेंड करो। आप हर काम में यही करती हो। आप DGP को लिखो।” इस पर भी SP यही कहती रहीं कि “सर, मेरे पास पावर नहीं है।” शिकायतकर्ता बोला- मंत्री जी के ऑर्डर हैं इसके बाद मंत्री विज ने SP को कहा कि “आप लिखिए कि मंत्री विज ने इस पुलिसकर्मी को सस्पेंड किया है।” इस पर SP ने कहा कि “ठीक है सर, मैं लिख दूंगी।” तभी शिकायतकर्ता ने SP से कहा कि “मैडम, आप पहले वाले केस में भी ऐसे कर रही थीं और अब भी ऐसे ही कर रही हो।” SP ने कहा कि “वो पुलिसकर्मी दूसरे जिले में तैनात है।” शिकायतकर्ता ने कहा कि “जब मंत्री जी कह रहे हैं, तो इसमें कुछ बचा ही नहीं।” मंत्री विज ने कहा कि “मैं देखूंगा कि आदेश के बाद कौन कार्रवाई नहीं करता।” मंत्री विज ने इस मामलों की भी सुनवाई की… JE पर केस दर्ज करने के आदेश किठाना गांव निवासी कृष्ण कुमार ने सांघन में उसके रिश्तेदारों के ट्रांसफार्मर को शिफ्ट न किए जाने और इसके एवज में जेई द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत दी थी। इस पर सुनवाई करते हुए मंत्री अनिल विज ने बिजली निगम के अधिकारियों को आदेश दिए कि शिकायतकर्ता का ट्रांसफार्मर शिफ्ट किया जाए और रिश्वत मांगने की शिकायत पर जेई के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। गबन केस की जांच विजिलेंस को दी राजौंद निवासी राकेश राणा ने शिकायत में आरोप लगाया था कि नगर पालिका राजौंद में पिछले साढ़े तीन सालों में हुए कार्यों में वित्तीय गड़बड़ी हुई है। करोड़ों रुपए के गबन की इस शिकायत पर सुनवाई करते हुए मंत्री अनिल विज ने मामले की जांच विजिलेंस से करवाने के आदेश जारी किए। उन्होंने शिकायतकर्ता को धरना समाप्त करने के लिए कहा और साथ ही उनके साथ आए एक व्यक्ति को भी जांच में शामिल करने के आदेश जारी किए। मंत्री ने यह भी कहा कि यदि शिकायत झूठी पाई गई तो शिकायतकर्ता के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। अवैध ट्यूबवेल पर कमेटी बनाई पाई गांव निवासी दिलबाग व अन्य ने शिकायत दी थी कि आवास योजना के तहत उन्हें जिस जमीन में प्लॉट आवंटित किए गए हैं, वहां छह अवैध ट्यूबवेल कनेक्शन हैं। उन्होंने मांग की कि उन्हें वहां से हटाया जाए। मंत्री ने इस मामले में एडीसी की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करते हुए डीएसपी एवं गैर सरकारी सदस्य मनोज राणा को इसका सदस्य बनाया और निर्देश दिए कि कमेटी अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करे। मर्डर केस में पुलिस को कार्रवाई के आदेश अपने भाई की हत्या के मामले में कार्रवाई की मांग कर रही ऋषि नगर निवासी नीतू मौण की शिकायत पर मंत्री अनिल विज ने सुनवाई की। उन्होंने गृह सचिव से फोन पर बात की और कैथल पुलिस द्वारा सीबीआई से मामले की जांच संबंधी अनुरोध पर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही एसपी कैथल को आदेश दिए कि वे इस मामले में हर सप्ताह प्रगति रिपोर्ट लें। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक सीबीआई मामले की जांच शुरू नहीं करती, तब तक पुलिस लगातार कार्रवाई करे और न्यायालय से अनुमति लेकर नार्को टेस्ट संबंधी कार्रवाई भी पूरी की जाए। जांच अधिकारी को बदलने के आदेश गांव मालखेड़ी निवासी राहुल की विदेश भेजने के नाम पर दी गई लाखों रुपए की राशि वापस न देने की शिकायत पर मंत्री अनिल विज ने जांच अधिकारी को बदलने के आदेश जारी किए। साथ ही उन्होंने उस आरोपी को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार करने के आदेश दिए, जिसकी कोर्ट से जमानत अर्जी खारिज हो चुकी है। इसके अलावा, उन्होंने आरोपी आढ़ती को पुलिस थाने में बुलाकर जांच में शामिल करने के आदेश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि पुलिस शिकायतकर्ता को न्याय दिलवाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करे। विवाह शगुन योजना के लाभ की रिकवरी के आदेश ढांड निवासी संतोष द्वारा अपनी दो बेटियों के विवाह के बाद विवाह शगुन योजना के तहत एक बेटी को लाभ मिलने तथा दूसरी बेटी को लाभ न मिलने की शिकायत दी गई। पिछली बैठक में एडीसी की अध्यक्षता में गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि संबंधित महिला योजना के तहत पात्र नहीं है। इस पर मंत्री ने आदेश दिए कि योजना के तहत जो सहायता राशि दी गई है, उसकी शिकायतकर्ता से रिकवरी कराई जाए। वहीं गांव करोड़ा निवासी श्रीनिवास ने आंख के ऑपरेशन के बाद आंख खराब होने की शिकायत पर मंत्री अनिल विज ने सीएमओ को आदेश दिए कि इस मामले की जांच लापरवाही बोर्ड से करवाई जाए।
—————————— ये खबर भी पढ़ें :- मंत्री विज की SP को फटकार के बाद FIR दर्ज:कैथल में रेप आरोपी युवती को दे रहा था धमकियां, चैट देखकर भड़के थे मिनिस्टर
मंत्री अनिल विज ने 3 महीने पहले भी कैथल की SP उपासना को फटकार लगाई थी। ग्रीवेंस मीटिंग में एक युवती ने शिकायत करते हुए कहा कि उसके साथ रेप हुआ है। उसने धमकी भरे स्क्रीनशॉट भी दिखाए। पीड़िता ने मंत्री से कहा कि सबूत होने के बाद भी पुलिस केस दर्ज नहीं कर रही है। इस पर मंत्री विज ने SP उपासना को फटकारा और तुरंत FIR दर्ज करने का आदेश दिया। पढ़ें पूरी खबर…