पुलिस-ग्रामीणों में झड़प, गोली लगने से बुजुर्ग की मौत:3 पुलिसकर्मी घायल, सड़क जाम-प्रदर्शन; पॉक्सो एक्ट के आरोपी को पकड़ने गई थी टीम

मुजफ्फरपुर में पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प में गोली लगने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत से नाराज लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया है। लोग पुलिस के अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे हैं। मंगलवार देर रात पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई थी। पुलिस पॉक्सो एक्ट के एक आरोप को गिरफ्तार करने गांव गई थी। जैसे ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस का विरोध शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस पर हमला हो गया। पुलिस ने अपने बचाव में हवाई फायरिंग की। जिसके बाद ग्रामीणों की तरफ से भी गोलीबारी हुई। जिसमें गतवीर राय (60) की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं, हमले में गायघाट थानेदार समेत 3 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी का इलाज चल रहा है। घटना गायघाट थाना क्षेत्र के असिया गांव की है। सबसे पहले प्रदर्शन की तस्वीरें देखिए… पुलिस की 2 गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई कुछ दिन पहले गांव की एक नाबालिग लड़की के साथ रेप का मामला सामने आया था। इसी मामले में कोर्ट ने आरोपी की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। इसी आदेश पर गायघाट पुलिस की टीम असिया गांव में छापेमारी करने गई थी। हमले के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस की 2 गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। पुलिस इलाके में फ्लैग मार्च कर रही है असिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (Rural SP) और डीएसपी पूर्वी भारी पुलिस बल और कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे इलाके में फ्लैग मार्च कर रही है ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान की जा रही है और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। SSP बोले- जवान और थानेदार घायल हुए हैं मुजफ्फरपुर SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि उग्र भीड़ ने पुलिस के 2 वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में गायघाट थानेदार और दो अन्य जवान घायल हुए हैं। घटना के दौरान बचाव में पुलिस की ओर से हवाई फायरिंग की गई है। ग्रामीणों की तरफ से भी फायरिंग की गई, जिसमें 60 साल के बुजुर्ग को गोली लगी। उनकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *