करनाल के अशोक नगर में रहने वाले एक व्यक्ति की हार्टअटैक से मौत का मामला सामने आया है। परिवार ने पुलिस पर मानसिक प्रताड़ना, मारपीट और पैसे मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि बेटे को एक मामले में उठाकर ले जाने के बाद लगातार दबाव बनाया गया, जिससे व्यक्ति गहरे तनाव में था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ढाबे पर करता था तंदूर का काम मृतक की पहचान अशोक नगर निवासी बृज किशोर के रूप में हुई है। वह एक ढाबे पर तंदूर पर काम करता था। परिवार की आजीविका इसी से चलती थी। परिजनों के मुताबिक, 11 फरवरी की शाम करीब 4 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। 12 फरवरी को पुलिस को जानकारी दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। थाने में भी हुई मारपीट, पैसे देकर छूटा मृतक के बेटे आकाश ने बताया कि, 2 फरवरी के पड़ोस में एक झगड़ा हो रहा था, जिसे देखने वह चला गया था। अफरा-तफरी मचने पर वह वहां से भाग गया, लेकिन एक दुकानदार ने पकड़कर उसके साथ मारपीट की और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि थाने में भी उसके साथ मारपीट हुई और पिता से कहा गया कि बेटे को छुड़ाना है तो पैसे देने होंगे। इसके बाद पिता ने किसी तरह पैसे देकर उसे छुड़वाया। चचेरी बहन का आरोप- बार-बार किया गया टॉर्चर मृतक की चचेरी बहन शामिली का आरोप है कि पुलिस द्वारा बार-बार बृज किशोर को टॉर्चर किया गया। बेटे को छोड़ने के लिए भी पैसे मांगे गए। उन्होंने कहा कि बृज किशोर अपाहिज और गरीब था, ऐसे में पैसे कहां से लाया होगा, यह आसानी से समझा जा सकता है। परिवार का दावा है कि पुलिस की प्रताड़ना के कारण ही उसकी जान गई। पत्नी का आरोप- बेटे को उठाया, मारपीट की और पैसे मांगे
मृतक की पत्नी का आरोप है कि उनके बेटे को किसी लड़ाई-झगड़े के आरोप में पुलिस ने दो दिनों के लिए उठा लिया था, जबकि वह उस झगड़े में शामिल नहीं था। आरोप है कि पुलिस ने बेटे के साथ मारपीट की और इसी दौरान पति को भी लगातार परेशान किया गया। महिला का कहना है कि पुलिस की ओर से पैसों की डिमांड की जा रही थी, जिससे उनका पति मानसिक रूप से टूट गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति साफ : एसएचओ
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। डायल-112 के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर बलवान सिंह ने बताया कि बृज किशोर की मौत की जानकारी परिवार की ओर से दी गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी हाउस भेजा गया है। सिटी थाना पुलिस को सूचना दी गई है। सिटी थाना एसएचओ प्रवीन कुमार ने कहा कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।