हरियाणा में आज (8 जुलाई) को पूरे प्रदेश में बारिश होगी। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने आज यमुनानगर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 21 जिलों में मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 11 जिलों, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, रोहतक व हिसार में लगभग पूरे जिले में बारिश होगी। वहीं 11 जिलों, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व मेवात में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि 10 जुलाई तक मौसम इसी तरह रहेगा। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक 37% ज्यादा बारिश हो चुकी है। इस मानसून सीजन में अब तक औसतन 107.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर 78.5 एमएम बारिश होनी चाहिए थी। सोमवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। जिससे तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। इससे पहले सोमवार (7 जुलाई) को 8 जिलों में बारिश हुई। जिससे हिसार, फरीदाबाद, फतेहाबाद, चरखी दादरी और झज्जर में जलभराव हो गया। यहां डीसी की कोठी, बस स्टैंड, पुलिस थाने, लघु सचिवालय में पानी भर गया और दोपहिया वाहन भी डूब गए। बंगाल की खड़ी से नम हवाएं, इसीलिए बदलेगा प्रदेश का मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि मानसून टर्फ उत्तर की तरफ बढ़ रही है। जिसकी उत्तरी सीमा भिवानी होता हुए उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। जिससे बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी वाली मानसूनी हवाएं राज्य की तरफ आने की संभावना है। इससे प्रदेश में मौसम बदलता रहेगा। मानसूनी हवाओं की सक्रियता की वजह से ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं व गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अगले 3 दिन कैसे रहेगा मौसम
9 जुलाई: प्रदेश 3 जिलों, जींद, कैथल व कुरुक्षेत्र में सारे जिले में बारिश हो सकती है। 16 जिलों, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम व फरीदाबाद में कहीं-कहीं बारिश होगी। 3 जिलों, सिरसा, पलवल व मेवात में भी बहुत कम जगहों पर बारिश हो सकती है। 10 जुलाई: 14 जिलों, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद व पलवल में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 8 जिलों, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, मेवात, फतेहाबाद व सिरसा में कुछेक जगहों पर बारिश हो सकती है। 11 जुलाई: 5 जिलों, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल व कुरुक्षेत्र में कहीं-कहीं और अन्य 17 जिलों में कुछेक जगहों पर बारिश हो सकती है।