पूर्णिया के टॉप-10 अपराधियों की लिस्ट में शामिल बदमाश अरेस्ट हुआ है। वांटेड हनी सिंह उर्फ नितिन को बनमनखी थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हनी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। एसटीएफ को उसके बनमनखी में छिपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने दबिश दी और हनी सिंह को धर दबोचा। पिछले 8 महीने से पुलिस को हनी की तलाश थी। हनी पर बीएनएस एक्ट के बनमनखी और सरसी थाना में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने वांटेड को गिरफ्तार कर लिया है और उससे आगे की पूछताछ जारी है। पकड़े गए बदमाश की पहचान बनमनखी थाना क्षेत्र के धीमा पोखर गांव का निवासी हनी सिंह उर्फ नितिन कुमार सिंह के रूप में हुई है। बनमनखी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि हनी सिंह उर्फ नितिन जिले के टॉप-10 अपराधियों की लिस्ट में था। हनी पर बनमनखी थाना में बीएनएस की धारा 309 (4) में संगीन मामला दर्ज है। मामला 21 नवंबर 2024 का है। इसके अलावा उस पर बनमनखी और सरसी थाना क्षेत्र में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से जुड़े 3 मामले दर्ज हैं। जिसके चलते उसके ऊपर 25 हजार का इनाम घोषित था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने किया अरेस्ट एसपी के निर्देश पर वांटेड की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। मगर हर बार वो पुलिस से बचकर भाग निकलता था। एसटीएफ को उसके बनमनखी में छिपे होने की सूचना मिली थी। बनमनखी पुलिस की विशेष टीम ने मिली इनपुट पर दबिश दी और हनी सिंह को अरेस्ट कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच जेल भेज दिया गया है। 22 नवंबर को बनमनखी थाना के हृदयनगर गांव के बड़ी नहर के पास गुंजन कुमार से तीन बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर बाइक, मोबाइल समेत 23,780 रुपए कैश लूट लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए बनमनखी पुलिस की एक विशेष टीम ने लूटकांड में शामिल तीन बदमाशों को पहले ही धर दबोचा था। लूटी गई बाइक, मोबाइल और कैश भी बरामद कर ली गई थी। छापामारी दल में बनमनखी थानाध्यक्ष संजय कुमार, एसआई संतोष कुमार और सशस्त्र बल शामिल रहे।