औरंगाबाद में 26 जून की रात पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। घर से 100 मीटर दूर आम के पेड़ के पास ले जाकर पहले बेरहमी से पिटाई की, फिर एक लकड़ी से गला दबाकर मार डाला। घटना को आत्महत्या में बदलने के लिए महिला ने अपने घर के छप्पड़ में साड़ी से लाश को लटका दिया था। 27 जून की सुबह पुलिस को बुलाकर कहा था कि मेरे पति ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने लाश पर चोट के निशान देखे, जिसके बाद पुलिस को पत्नी पर संदेह हुआ और पूछताछ के लिए थाने ले गई। कड़ाई से पूछताछ में महिला ने स्वीकार लिया कि उसने अपने प्रेमी के साथ वारदात को अंजाम दिया है। इलाके में दबदबा था, इसलिए पूर्व नक्सली के बेटे को दिल दे बैठी आरोपी पत्नी रीता (40) ने पुलिस को बताया कि, मेरा प्रेमी अरविंद भुईंया (35) पूर्व नक्सली का बेटा है और शराब का धंधा भी करता है। अरविंद का इलाके में दबदबा है। इस कारण मैं उसके प्रभाव में आ गई थी। मैं उसके साथ रहना चाहती थी, पर मेरा पति सुनेश्वर भुइयां (42) हम दोनों के बीच बाधा बना हुआ था। हम दोनों एक-दूसरे से मिलते थे तो सुनेश्वर विरोध करता था। जिसके बाद मैंने और मेरे प्रेमी ने प्लान बनाई और सुनेश्वर की हत्या कर दी। हत्या में अरविंद का मामा सुरेश भी शामिल था। फिलहाल अरविंद और उसका मामा फरार है। मामला मदनपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत आजाद बिगहा गांव का है। तीन साल से चल रहा था अफेयर आरोपी महिला की सुनेश्वर से 20 साल पहले शादी हुई थी। दोनों के 4 बच्चे हैं। 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी इसी साल मार्च महीने में हुई थी। वहीं, आरोपी महिला रीता का अरविंद से 3 साल पहले अफेयर शुरू हुआ था। अरविंद दूसरे गांव का रहने वाला है, पर रीता और उसके घर की दूरी महज 500 मीटर है। इस कारण दोनों की पहचान हो गई थी। रीता को अरविंद की दबंगई काफी पसंद थी। दोनों में बातचीत शुरू हो गई और अफेयर शुरू हो गया। अफेयर के 6 महीने बीते होंगे, इतने में पति सुनेश्वर को दोनों के अफेयर के बारे में पता चल गया। रीता और अरविंद दोनों मिलकर करते थे शराब का धंधा नाम न बताने की शर्त पर कुछ ग्रामीणों ने बताया कि अरविंद शराब का धंधा करता है। जब उसका अफेयर रीता से हुआ तो उसे भी शराब के धंधे से जोड़ लिया। दोनों एक बाइक पर बैठकर शराब की डिलिवरी देने जाते थे। मृतक सुनेश्वर को दोनों के अफेयर के बार में पता था, पर वो नहीं जानता था कि उसकी पत्नी शराब धंधा भी करने लगी है। कुछ ही दिन में जब उसे पता चला तो वो शराब धंधे का भी विरोध करने लगा, पर विरोध करने पर अरविंद उसकी पिटाई कर देता था। इसी शराब धंधे की आड़ में अरविंद रीता के घर भी आने-जाने लगा। सुनेश्वर ने अपनी पत्नी से कहा था कि अरविंद को घर न बुलाया करो। जिसके बाद रीता अरविंद से कहकर अपने पति की पिटाई करवा देती थी। गुरुवार को भी झगड़ा हुआ था, जिसके बाद रीता और अरविंद ने हत्या की ठान ली। पति-पत्नी समझकर पुलिस चकमा खा जाती थी सूत्रों के अनुसार प्रेमी अरबिंद भुइयां दबंग प्रवृत्ति का है। पूर्व में उसका पिता सरयू भुइयां नक्सली था। उसके खिलाफ मदनपुर थाना में 17 सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज है। अरविंद पिछले कई वर्षों से शराब कारोबार से जुड़ा है। पूर्व में वह शराब मामले में जेल भी जा चुका है। प्रेमिका रीता अरविंद की बाइक पर शराब की खेप लेकर पीछे बैठती थी। दोनों को पति-पत्नी समझ कर पुलिस चकमा खा जाती थी और वह आसानी से शराब की खेप एक जगह से दूसरे जगह पहुंचने में सफल होते थे। अरविंद का बड़ा नेटवर्क था। मदनपुर के नक्सल प्रभावित जंगली इलाके में शराब चुलाई करवाता था। आसपास के गांव में सप्लाई करता था। आपराधिक प्रवृत्ति होने के कारण गांव के लोग दबे जुबान उसका विरोध करते थे, लेकिन कोई सामने नहीं आता था।