कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला का बुधवार को रामपुर प्रखंड के करमचट थाना में आयोजित जनता दरबार नहीं लग सका। इसी दौरान एक फरियादी ने पैक्स अध्यक्ष पर 1.98 लाख रुपये के गबन का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। एसपी के तय समय तक नहीं पहुंचने से अपनी समस्या लेकर आए फरियादियों को निराश लौटना पड़ा। शाम करीब 4 बजे तक लोग एसपी का इंतजार करते रहे। जिला मुख्यालय में अचानक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) होने के कारण एसपी जनता दरबार में शामिल नहीं हो सके। करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि जनता दरबार के दौरान एक आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। भीतरीबांध पंचायत निवासी पुष्पेंद्र सिंह के पुत्र अमृतेश कुमार सिंह ने एसपी को संबोधित आवेदन में यह शिकायत दर्ज कराई है। खाते से धान बिक्री की राशि निकालने का आरोप अमृतेश कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि भीतरीबांध पंचायत के पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार जायसवाल, पैक्स प्रबंधक सचिन जायसवाल तथा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक शाखा भगवानपुर के मैनेजर और शाखा कर्मियों की मिलीभगत से उनके खाते से धान बिक्री की 1 लाख 98 हजार रुपये की राशि निकाल ली गई। आवेदन में 20 फरवरी 2026 और 25 फरवरी 2026 को यह निकासी होने का जिक्र है। आवेदक ने मामले की गहन जांच कर पैक्स अध्यक्ष, पैक्स प्रबंधक और बैंक कर्मियों पर कार्रवाई करने तथा निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। इधर, भीतरीबांध पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार जायसवाल ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि किसी किसान के खाते से पैसा निकालने का सवाल ही नहीं उठता। जायसवाल का आरोप है कि आगामी पैक्स चुनाव को देखते हुए पूर्व पैक्स अध्यक्ष के साथ मिलकर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।