पोकलेन चालक हत्याकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार:हिलसा के निर्माणाधीन पूर्वी बाइपास पर हुई थी हत्या

पुलिस ने हिलसा थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन पूर्वी बाइपास पर हुए पोकलेन चालक हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। अनुमंडल पदाधिकारी शैलजा ने रविवार शाम प्रेस वार्ता में बताया कि 21 मार्च को पूर्वी बाइपास पर झारखंड के चतरा जिले के निवासी पोकलेन चालक कुलदीप यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय आधार पर जांच शुरू की। औरंगाबाद जिले के दाउदनगर निवासी प्रमोद कुमार के बयान पर हिलसा थाना में कांड संख्या 213/26 दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने हिलसा थाना क्षेत्र के कोशीक नगर निवासी जोधी कुमार उर्फ ओमप्रकाश कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के दिन वह और उसके साथी शराब के नशे में थे। पोकलेन चालक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उन्होंने चालक को गोली मार दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जिन्हें एफएसएल जांच के लिए भेजा जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इस हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में डीएसपी शैलजा, इंस्पेक्टर भानु प्रताप, थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार, राकेश कुमार, दीपक कुमार, शिल्पी राणा, दिलीप कुमार और नीरज कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *