प्रथम सीईओ रुक्मिणी बनर्जी का चनपटिया दौरा:जीविका के महिला शिक्षा अभियान को मिली मजबूती

बेतिया में बुधवार को प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की सीईओ डॉ. रुक्मिणी बनर्जी अपनी टीम के साथ चनपटिया प्रखंड स्थित जीविका कार्यालय पहुंचीं। उनका यह दौरा जीविका और प्रथम के संयुक्त महिला शिक्षा अभियान को मजबूत करने के उद्देश्य से था। इस दौरान डॉ. बनर्जी ने लर्नर्स और जीविका दीदियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने प्रथम संस्था की सरल, व्यावहारिक और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों के बारे में बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम का लक्ष्य केवल परीक्षा पास कराना नहीं, बल्कि महिलाओं की सीखने की बुनियादी क्षमता को मजबूत कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। जीविका की उस पहल की सराहना की गई जिसके तहत शादीशुदा और पढ़ाई छोड़ चुकी महिलाओं को दोबारा शिक्षा से जोड़ा जा रहा है। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन इस पहल में अकादमिक सहयोग, अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है। इस अभियान के तहत वर्ष 2026 तक 100 जीविका दीदियों को मैट्रिक परीक्षा में शामिल कराने का लक्ष्य है। प्रखंड जीविका प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष चनपटिया में शुरू हुए इस पायलट प्रोजेक्ट में 25 महिलाओं ने मैट्रिक परीक्षा दी थी और सभी सफल रहीं। यह सफलता प्रथम संस्था के मार्गदर्शन और जीविका की निगरानी से मिली। इसी अनुभव के आधार पर इस वर्ष 100 महिलाओं के लिए पंजीकरण, नियमित कक्षाएं और मूल्यांकन की व्यवस्था की गई है। मनोज कुमार ने कहा कि यह प्रयास उन महिलाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम है, जो पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण पढ़ाई पूरी नहीं कर पाई थीं। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने प्रथम और जीविका टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *