प्रयागराज में 15 साल के लड़के की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। सोमवार शाम 5 बजे बाइक से अपहरण कर उसको ले जाया गया था। पुलिस और परिवार वाले पूरी रात उसकी तलाश में जुटे रहे। बुधवार सुबह फूलपुर के गुलचपा नहर भरौरी में उसकी लाश मिली। मृतक की पहचान फूलपुर थाने के बाबूगंज इलाके के कन्नौजा खुर्द गांव निवासी हसनैन आलम के रूप में हुई। शव के पास खून से सनी ईंट मिली है। हसनैन की खून से सनी सफेद टीशर्ट भी मिली है। हसनैन की मां का आरोप है कि रिश्ते के मामा ने रंजिश में उसकी हत्या कराई है। पुलिस ने नहर से शव निकाल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मौके से सबूत जुटाए हैं। सब्जी लेने के लिए शाम को घर से निकला था
कन्नौजा खुर्द गांव के रहने वाले परवेज आलम पुणे में प्राइवेट नौकरी करते हैं। गांव में उसकी बीवी आशियां बेगम अपने 4 बच्चों के साथ रहती हैं। सबसे बड़ा बेटा हसनैन आलम था। उसने पढ़ाई छोड़ दी थी और घर पर ही रहता है। हसनैन मंगलवार शाम को करीब 5 बजे घर से सब्जी लेने के लिए बाजार की तरफ गया था। वहां से वह घर नहीं लौटा। देर शाम को जब हसनैन वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। चश्मदीदों ने बताया- शाम करीब 5.15 बजे उसे उसके कुछ जानने वालों के साथ बाइक पर बैठ कर जाते देखा गया था। रातभर परिजनों ने उसकी तलाश की, जब नहीं मिला तो थाने में तहरीर दी। तस्वीरें देखिए- मां ने रिश्ते के मामा पर हत्या का आरोप लगाया
मां आशियां ने हसनैन के रिश्ते के मामा सईद बाबा पर अपहरण और हत्या कराने का आरोप लगाया है। मां का आरोप है कि मलेथुआ संदलपुर गांव के रहने वाले सईद बाबा के बेटे जुनैद और उसके दोस्त ने हसनैन को अगवा कर मार डाला। यही लोग उसे जबरदस्ती अपने साथ ले गए थे। मृतक हसनैन के मामा राजू की शादी सईद बाबा की लड़की से हुई थी। शादी के बाद विवाद हो गया। राजू का आरोप है कि लड़की सिगरेट पीती थी, गुटका खाती थी और इधर उधर घूमती थी। इसी पर राजू का पत्नी से झगड़ा हुआ और पत्नी मायके चली गई। इस पर सईद बाबा के परिवार ने राजू पर केस दर्ज कराया। तब से लड़की मायके में रहती है। इसी को लेकर दुश्मनी चल रही है। मां का आरोप है कि इसी रंजिश का बदला लेने के लिए राजू के भांजे हसनैन का सईद बाबा ने कत्ल करा दिया। खबर अपडेट की जा रही है…