सीवान में न्याय की मांग को लेकर एक युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक अपने छोटे भाई की जेल में हुई संदिग्ध मौत के मामले में कार्रवाई और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट जारी करने की मांग कर रहा है। वह जिलाधिकारी (DM) को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा है। 31 जुलाई 2025 में मोहद्दीपुर निवासी अनवर उर्फ बिहारी(20) को मुफस्सिल थाना पुलिस ने चोरी के मामले में बेल टूटने पर गिरफ्तार किया था। उसे सीवान मंडल कारा भेजा गया। वहीं गिरफ्तारी के 48 घंटे के अंदर 2 अगस्त को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंडल कारा अधीक्षक ने बयान जारी कर बताया था कि अनवर ने जेल के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीवान पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पीएमसीएच भेजा था। 9 महीने बाद भी नहीं हुई कार्रवाई मृतक के बड़े भाई सैफ अली का आरोप है कि घटना के 9 महीने बाद भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अभी तक उन्हें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसी के विरोध में शनिवार को सैफ अली मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहिद्दीनपुर स्थित एक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर पर चढ़ा सैफ अली नीचे खड़े अधिकारियों से बार-बार जिलाधिकारी को बुलाने की मांग कर रहा है। वह ऊपर से कूदकर जान देने की धमकी भी दे रहा है।