मुजफ्फरनगर में एक महिला ने अपने पति और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी थी। पहले हथौड़े से पीट-पीटकर उसकी जान ली, फिर लाश बोरे में भरकर नहर में फेंक दी। बुधवार को पुलिस ने महिला, उसके पति और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्रेमी का शव, हत्या में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा और एक बाइक भी आरोपियों की निशानदेही पर बरामद की है। एक फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। मामला पुरकाजी थाना क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला… गांव खाई खेड़ा में रहने वाले धनवंत की पुरकाजी थाने में 23 मई को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। धर्मेंद्र की 3 महीने पहले ही शादी हुई थी। वह भोपा थाना क्षेत्र के भोकरहेड़ी कस्बे में एक बैंक में रिकवरी एजेंट था। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसमें पता चला कि धनवंत आखिरी बार सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र के अंबेहटा गांव में देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने जांच को तेज की। लोकेशन मिलने पर पुलिस ने मारा छापा
पुलिस को जांच में पता चला कि धनवंत का एक महिला से 2 साल से अफेयर चल रहा था। मोबाइल की कॉल डिटेल और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने अंबेहटा गांव में दबिश दी। 3 संदिग्धों सुषमा, उसके पति रविंद्र और सुकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। एक साल पहले प्रेमी से अलग हो गई थी
सुषमा ने बताया कि उसका धनवंत के साथ प्रेम-प्रसंग था। लेकिन, करीब 1 साल पहले वह उससे अलग हो गई थी। इसके बावजूद धनवंत बार-बार उस पर मिलने का दबाव बना रहा था। जब यह बात सुषमा के पति रविंद्र को पता चली, तो उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। फोन कर महिला ने प्रेमी को घर बुलाया
पुलिस के अनुसार, साजिश के तहत सुषमा ने 23 मई की शाम को धनवंत को फोन कर अंबेहटा गांव स्थित अपने घर बुलाया। वहां रविंद्र, सुषमा और सुकेश ने मिलकर हथौड़े से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में भरकर गाड़ी में डाला। फिर कुटेसरा नहर में शव को फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर धनवंत का शव नहर से बरामद कर लिया। साथ ही हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा, मृतक की बाइक और वह बाइक भी बरामद कर ली गई, जिससे शव को ठिकाने लगाया गया था। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग और आपसी रंजिश मुख्य कारण रहा है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को जेल भेजा है। मामले में चौथा आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है। ————————- ये खबर भी पढ़ें… बृजभूषण को सरकार बचा रही, तभी गिरफ्तार नहीं हुए, यह वोट की खातिर, मुजफ्फरनगर में बजरंग पूनिया बोले- पहलवानों पर दबाव बना रहे
‘पहलवानों और पीड़िता पर दबाव बनाया जा रहा है। अगर बृजभूषण पर पॉक्सो एक्ट लगा था, तो उन्हें अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। सरकार ने पहले ही सपोर्ट करके मामले को आगे बढ़ने से रोक दिया।’ पढ़ें पूरी खबर…