मोतिहारी में रविवार को एक युवती प्रेम-प्रसंग के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह अपने प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी थी और करीब पांच घंटे तक नीचे उतरने से इनकार करती रही। घटना पिपरा थाना क्षेत्र के पशुरामपुर गांव की है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। बताया गया कि युवती का संबंध पिपरा कोठी थाना क्षेत्र के एक गांव से है। उसका अपने प्रेमी से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजनों की असहमति के कारण मामला उलझ गया था। इसी बात से नाराज होकर युवती ने यह कदम उठाया। पुलिस ने माता-पिता को मौके पर बुलाया प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती टावर पर चढ़कर बार-बार कह रही थी कि जब तक उसकी शादी उसके प्रेमी से तय नहीं की जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगी। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने युवती के माता-पिता को भी मौके पर बुलाया। परिजन उसे समझाने की कोशिश करते रहे, वहीं पुलिस भी धैर्यपूर्वक बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे लाने में जुटी रही। काफी मशक्कत के बाद उसे समझाने का प्रयास जारी रहा। मौके पर पहुंचे पिपरा थानाध्यक्ष अंजन कुमार के समझाने के बाद युवती टावर से नीचे उतर गई। पुलिस ने युवती को अपनी अभिरक्षा में लेकर थाने पहुंचाया है।