फतुहा थाना क्षेत्र में पुनपुन नदी के त्रिवेणी संगम पर एक नाव पलट गई। इस हादसे में दो लोग लापता हो गए हैं। लापता हुए व्यक्तियों में नालंदा जिले के कराय परसुराय थाना क्षेत्र का 20 वर्षीय कांवरिया अभिषेक कुमार और गोविंदपुर निवासी 10 वर्षीय मनीष कुमार शामिल है। करीब 20 लोगों से भरी एक छोटी नाव अनियंत्रित होकर पीपा पुल से टकरा गई। नाव पर अधिकतर कांवरिया सवार थे। अभिषेक त्रिवेणी संगम से गंगाजल लेकर गया जिले के बाबा सिद्धनाथ मंदिर बनावर पहाड़ पर जलाभिषेक करने जा रहा था। वहीं, मनीष बाजार से अपने गांव समसपुर लौट रहा था। जल उठाने जा रहे थे लोग प्रत्यक्षदर्शी रोहित कुमार के अनुसार नाव गोविंदपुर से समसपुर की ओर आ रही थी। नाव में सवार लोग त्रिवेणी घाट पर नहाने और जल उठाने जा रहे थे। नाविक सवारियों से पैसे ले रहा था। इस दौरान ध्यान नहीं देने के कारण नाव किनारे आते ही पीपा पुल के पिलर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि नाव पलट गई और सभी 20 लोग नदी में गिर गए। कुछ लोगों ने नाव को पकड़कर और कुछ ने तैरकर जान बचाई। लेकिन, अभिषेक और मनीष लापता हो गए। स्थानीय प्रशासन की ओर से दोनों लापता व्यक्तियों की तलाश जारी है। नाव से कम समय लगता है इस जगह पर अंग्रेजों द्वारा बनाया गया 1889 का पुराना लोहे का पुल चार साल पहले ध्वस्त हो चुका है। पथ निर्माण विभाग द्वारा नए पुल के निर्माण की तैयारी चल रही है। लेकिन अभी तक निर्माण शुरू नहीं हुआ है। इसके कारण लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक गांव से दूसरे गांव जाने के लिए जहां पहले सिर्फ 200 मीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी, अब 2 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय करना पड़ता है। इसी वजह से लोग अक्सर शॉर्टकट के लिए नाव का इस्तेमाल करते हैं।