फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र में गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं ने आज (सोमवार) को हंगामा किया। उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और गांव में सिलेंडर बांटने जा रही एक डिलीवरी वैन को रास्ते में रोक लिया। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद एजेंसी संचालक व पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझा कर शांत किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्हें एक सप्ताह से अधिक समय से सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं, जबकि गैस एजेंसी से सिलेंडर भरकर गांवों में भेजे जा रहे हैं। उन्होंने यह भी शिकायत की, कि कई उपभोक्ताओं की बुकिंग बिना सिलेंडर दिए ही डिलीवर दिखा दी गई है। बता दें कि, इससे पहले भी इसी गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं द्वारा रोष प्रदर्शन किया गया था। पिछले सप्ताह लोगों ने गैस सिलेंडर रिफिल नहीं होने पर रोड जाम कर विरोध जताया था। बाद में थाना प्रभारियों ने आकर उपभोक्ताओं को शांत किया और जाम खुलवाया था। 10 किमी दूर से आए, सुबह 5 बजे पहुंचे गांव अजीत नगर निवासी संदीप, भानीखेड़ा से हरमन, ढाणी बबनपुर से करण, घासवा से संदीप कुमार और महमबड़ा से गुरचरण सहित कई उपभोक्ताओं ने बताया कि वे रतिया से 10 किलोमीटर से भी अधिक दूर से सुबह 5 बजे से आए हुए हैं, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा। उपभोक्ताओं ने राम भारत गैस एजेंसी की एक डिलीवरी वैन को रास्ते में रोका। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उपभोक्ताओं को समझाकर वैन को जाने दिया। लाइन लगने से कोई फायदा नहीं- संचालक वहीं, गैस एजेंसी संचालक रामनिवास का कहना है कि गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ता सिर्फ ऑनलाइन बुकिंग करवाए। एजेंसी के बाहर लाइन में लगने का कोई फायदा नहीं है। पीछे दो दिन की छुट्टी थी। बुकिंग के हिसाब से ही दो से तीन दिन में सिलेंडर की डिलीवरी होगी।