फतेहाबाद शहर के सबसे व्यस्त पपीहा पार्क में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब 10-15 युवकों ने पंजाब से आए एक युवक पर सरेआम हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को पाइपों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। घटना के दौरान पार्क में मौजूद लोग सहमे रहे और कुछ ने दूर से वीडियो भी बनाए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को दूर करके हालात को काबू में लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक हिरासत में लिया है। वहीं, युवक भी पुलिस को शिकायत देने के लिए बस स्टैंड चौकी पहुंचा। बेखौफ नजर आए आरोपी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी पूरी तरह बेखौफ नजर आ रहे थे और काफी देर तक युवक को पीटते रहे। घटना के पीछे आपसी रंजिश या अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इंस्टाग्राम पर बातचीत के बाद लड़की ने बुलाया था जानकारी के अनुसार, पंजाब के कोटकपुरा निवासी संदीप नामक युवक की फतेहाबाद क्षेत्र की लड़की से इंस्टाग्राम पर 3-4 दिन पहले बातचीत शुरू हुई। इसी दौरान लड़की ने उसे मिलने के लिए फतेहाबाद के पपीहा पार्क में बुला लिया। जैसे ही वह पार्क में पहुंचा तो इन युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पिटाई करने वाले युवक अहरवां और अयालकी गांव की साइड के बताए जा रहे हैं। जिस युवक की पिटाई हुई है। उस युवक ने पुलिस को बताया है कि वह इन हमलावरों को नहीं जानता है। युवक के मुताबिक, वह लड़की के बारे में भी ज्यादा नहीं जानता है। जानिए… वीडियो में क्या नजर आ रहा वीडियो में पपीहा पार्क के खुले मैदान में एक तरफ लोग घूमते नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ युवक एक युवक पर हमला करते दिखते हैं। युवक को आरोपी नीचे गिरा देते हैं। इसके बाद उसकी लातों से धुनाई करते हैं। एक युवक ने हाथ में ली हुई पाइप से युवक पर वार किए। युवक आरोपियों से छूटने का प्रयास करता है, लेकिन वे उसे घिरकर पीटते हैं।