हरियाणा रोडवेज की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फतेहाबाद से राजस्थान के बीकानेर जिले स्थित मुकाम तक मेला स्पेशल बस सेवा शुरू की जा रही है। यह बस सेवा कल 13 फरवरी से शुरू होगी, जो 19 फरवरी तक जारी रहेगी। इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने विशेष परमिट लिया है। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, यह बस रोजाना सुबह 9 बजे फतेहाबाद के नए बस स्टैंड से रवाना होगी। बस हिसार, राजगढ़, चुरू व रतनगढ़ होते हुए शाम करीब 5 बजे मुकाम पहुंचेगी। करीब 352 किलोमीटर का यह सफर सात घंटे से अधिक समय में पूरा किया जाएगा। एक सवारी का 390 रुपए लगेगा किराया
मेला स्पेशल बस में एक सवारी का एकतरफा 390 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। वापसी में भी सुबह 9 बजे ही मुकाम से फतेहाबाद के लिए बस चलेगी। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि बिश्नोई समाज के लोगों की स्पेशल बस चलाने की मांग थी। यात्रियों की संख्या के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बसें भी चलाई जा सकती हैं।
आस्था का बड़ा केंद्र है मुकाम
राजस्थान के बीकानेर जिले में स्थित मुकाम धाम बिश्नोई समाज के लोगों की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है। यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यह विशेष बस सेवा शुरू की गई है, ताकि यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिल सके। नोखा तहसील में स्थित यह स्थल गुरु जंभेश्वर महाराज के समाधि स्थल (मुक्ति धाम) के रूप में प्रसिद्ध है, जहां साल में दो बार फाल्गुन और अश्विन अमावस्या पर भव्य मेले लगते हैं। इन मेलों में देशभर से बिश्नोई समाज के लोग पहुंचते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई बस-टीएम फतेहाबाद डिपो के ट्रैफिक मैनेजर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए राजस्थान के परिवहन विभाग के साथ तालमेल करके परमिट लिया गया है। 13 से 19 फरवरी तक यह स्पेशल मेला बस चलेगी। यात्री सुविधा का भरपूर लाभ उठाएं।