UPSC द्वारा सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इसमें फरीदकोट के ग्रीन एवेन्यू निवासी सुनावरदीप सिंह ने देश भर में 76वां रैंक हासिल कर जिले और पंजाब का नाम रोशन किया है। वर्तमान में सहकारिता विभाग (Cooperative Department) में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात सुनावरदीप की इस उपलब्धि से पूरे इलाके में जश्न का माहौल है। तीसरे प्रयास में मिली बड़ी कामयाबी सुनावरदीप का सफर आसान नहीं था। उन्होंने साल 2022 और 2024 में भी प्रयास किया था, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। दो बार की असफलता के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को ओझल नहीं होने दिया। साल 2023 में इंस्पेक्टर बनने के बाद भी उनकी आंखों में ‘IAS’ बनने का सपना बरकरार रहा और आखिरकार तीसरे प्रयास में उन्होंने ऑल इंडिया 76वां रैंक हासिल कर अपनी मेहनत का लोहा मनवा लिया। बचपन से ही जुनूनी,पेंटिंग में भी जीत चुके हैं मेडल सुनावरदीप के पिता डॉ. कुलदीप सिंह (निदेशक, कृषि विकास केंद्र, PAU) ने बताया कि उनका बेटा बचपन से ही जो ठान लेता था उसे पूरा करके ही दम लेता था। पढ़ाई के साथ-साथ वह कला के क्षेत्र में भी माहिर हैं। वह पेंटिंग में राज्य स्तरीय पुरस्कार जीत चुके हैं। पिता ने कहा हमें गर्व है कि इंस्पेक्टर की नौकरी मिलने के बाद भी उसने पढ़ाई जारी रखी और आज अपना सपना सच कर दिखाया। सुनावरदीप दशमेश पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की बी.टैक मैकेनिकल इंजीनियरिंग (पुणे) और M.Tech: फार्म मशीनरी,पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU), लुधियाना। M.Tech के दौरान ही PPSC परीक्षा क्लियर की और 2023 में इंस्पेक्टर बने। सुनावरदीप की जुबानी: पद का कद ऊंचा करना चाहता हूं सफलता के बाद सुनावरदीप ने अपनी उपलब्धि का श्रेय परमात्मा अपने माता-पिता और दोस्तों को दिया। उन्होंने कहा मेरा लक्ष्य है कि मुझे जो पद मिला है मैं उसका उपयोग करके उसका कद और ऊंचा करूं। मैं उन लोगों के लिए काम करना चाहता हूं जिन्हें वाकई सरकारी सेवाओं की जरूरत है। हालांकि वे पंजाब कैडर में रहकर सेवा करना चाहते हैं लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कैडर पॉलिसी के अनुसार वे देश में कहीं भी जिम्मेदारी निभाने को तैयार हैं। घर पर लगा बधाई देने वालों का तांता सुनावरदीप की माता डॉ. गगनदीप जो स्थानीय सरकारी बृजेंद्रा कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर हैं ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। घर पर सुबह से ही रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ है।