फरीदकोट के एक निजी स्कूल में चोरी, VIDEO:दीवार तोड़कर अंदर घुसे, LED चुराकर फरार, पुलिस जांच में जुटी

फरीदकोट जिले की जैतो सब डिवीजन के गांव सेवेवाला स्थित निजी सिलवर ऑक्स स्कूल में बुधवार-वीरवार की मध्य रात्रि चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात नकाबपोश युवक स्कूल की बैकसाइड दीवार तोड़कर परिसर में दाखिल हुए और प्रिंसिपल कार्यालय समेत कई कमरों के ताले तोड़ डाले। जानकारी के अनुसार आरोपियों ने कार्यालय और कक्षाओं में रखी अलमारियों को खंगाला तथा एक एलईडी, यूपीएस,ऑडियो उपकरण और बच्चों के लिए रखा खानपान का सामान सहित अन्य कीमती वस्तुएं चोरी कर लीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। CCTV फुटेज में दिखे 2 युवक फुटेज में दो नकाबपोश युवक दिखाई दे रहे हैं, जो पहले दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करते हैं और फिर अलग-अलग कमरों में जाकर सामान समेटते नजर आते हैं। सूचना मिलते ही थाना जैतो पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के बयान दर्ज कर लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। आसपास के क्षेत्र में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। इस मामले में स्कूल प्रिंसिपल प्रियंका मेहता ने बताया कि चोरी से शैक्षणिक कार्य प्रभावित हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के कदम उठाए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा- जांच अधिकारी इस मामले में थाना जैतो के एएसआई व जांच अधिकारी नछत्तर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच का कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शिनाख्त कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *