फरीदकोट में एक तरफ पेट्रोल पंपों के बाहर तेल भरवाने के लिए लोगों की भीड़ लगी रहती है और वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही है,वहीं इसी तरह का नजारा गैस एजेंसियों पर भी देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोग केवाईसी करवाने के लिए एजेंसियों का रुख कर रहे हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय ने हाल ही में गैस की डिलीवरी के लिए 100 फीसदी ऑनलाइन बुकिंग का नियम लागू किया था और जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन की केवाईसी नहीं हुई है,वे ऑनलाइन बुकिंग नहीं करवा पा रहे है और वह एजेंसियों के दफ्तरों में पहुंच रहे है। कई-कई दिनों तक सिलेंडर की सप्लाई नहीं मिल रही इस मामले में उपभोक्ता सुखविंदर कौर,सेवक सिंह समेत अन्य लोगों का कहना है कि गैस बुक करवाने के बावजूद कई-कई दिनों तक सिलेंडर की सप्लाई नहीं मिल रही। एजेंसी के बाहर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और बुक कराने के 10 से 15 दिन बाद गैस सिलेंडर मिल पा रहा है। इस देरी के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, यहां तक कि कुछ लोग लकड़ी जलाकर खाना बनाने को मजबूर हैं।
गैस की कोई किल्लत नहीं है और नियमित सप्लाई आ रही है: एजेंसी संचालक गैस एजेंसी के संचालक राजिंदर कुमार का कहना है कि भीड़ का मुख्य कारण यह है कि अभी तक कई उपभोक्ताओं ने अपने कनेक्शन की KYC नहीं करवाई है, जिसके चलते वे गैस ऑनलाइन बुक नहीं कर पा रहे है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस की कोई किल्लत नहीं है और कंपनियों की ओर से सप्लाई नियमित रूप से आ रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, अपनी KYC पूरी करवाएं और घर बैठे गैस बुक कर डिलीवर प्राप्त करें।