हरियाणा के फरीदाबाद में केमिकल फैक्ट्री में सोमवार की शाम को मशीन में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। वहां रखे कई केमिकल ड्रम में भी ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट के बाद आग का गुबार करीब 50 मीटर तक उठता दिखाई दिया। इस आग में कई लोग झुलस गए, साथ ही फैक्ट्री के बाहर खड़ी गाड़ियां भी जल गईं। देर शाम तक फरीदाबाद के सिविल अस्पताल और निजी अस्पताल में 5 पुलिसकर्मी समेत 42 लोगों के झुलसी हालत में पहुंचने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, कंपनी में मेटल शीट कटिंग का काम होता है। शाम के समय जब कर्मचारी मशीन पर काम कर रहे थे, तभी मशीन में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई और वहां रखे एक केमिकल ड्रम में अचानक धमाका हो गया। इसके बाद एक के बाद एक कई ड्रम फटते चले गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। इस दौरान आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया था। कंपनी में आग और धमाके के बाद के PHOTOS… यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए कैसे लगी आग…. CMO बोले- घायलों का इलाज जारी
फरीदाबाद CMO (चीफ मेडिकल ऑफिसर) जयंत आहूजा के मुताबिक अभी तक 42 लोगों के जलने की सूचना मिली है। 12 लोग सरकारी अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं। इनमें रविंद्र पुत्र देश राज, मनोज पुत्र नंदलाल, राकेश पुत्र तेज बहादुर, सुमित पुत्र गिरीराज, विपिन पुत्र नेत्रपाल, अनीश पुत्र रामजी चौधरी, विजय पुत्र मक्खन लाल, लुकमान पुत्र हुसैन, जगराम पुत्र भद्री के अलावा मुन्ना और अभिषेक शामिल है। इनके अलावा एसपीओ अभिषेक, कांस्टेबल अजनेश सहित पांच पुलिस कर्मी भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल प्रशासन ने तमाम डॉक्टर को मौके पर बुला लिया था। बेड खाली करवाकर घायलों का इलाज किया गया। एसडीएम बोले- खुले में रखे थे केमिकल के ड्रम, कार्रवाई करेंगे
उधर, इस मामले में बडकल एसडीएम त्रिलोक चंद्र ने बताया कि केमिकल फैक्ट्री में लगी आग की चपेट में आने से काफी लोग झुलस गए हैं, जिन्हें निजी अस्पताल और सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फैक्ट्री के बाहर 30 ड्रम रखे हुए थे, इनमें भी आग लग गई थी। उन्होंने कहा कि खुले में रखे केमिकल के ड्रम रखने को लेकर जांच की जाएगी। साथ ही कंपनी मालिक के खिलाफ कार्रवाई भी करेंगे। ——————— ये खबर भी पढ़ें… फरीदाबाद की MGA इंडस्ट्रीज में आग लगी:मशीन का कंप्रेशर फटा था, कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला, काबू पाने में लगा डेढ़ घंटा फरीदाबाद के सेक्टर-24 स्थित मुजेसर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक औद्योगिक इकाई में लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री धुएं और लपटों से घिर गई। दमकल विभाग की सात से आठ गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। (पूरी खबर पढ़ें)