फरीदाबाद में कूलर फैक्ट्री में लगी भीषण आग:सिलेंडरों में हुए धमाके, कर्मचारियों ने बाहर निकल बचाई जान, 700 कूलर- कच्चा माल जला

फरीदाबाद के रोशन नगर इलाके में शनिवार देर शाम एक कूलर निर्माण यूनिट में अचानक भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। इस हादसे में 700 तैयार कूलर और बड़ी मात्रा में कच्चा सामान जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारी बाहर निकल गए, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, पल्ला थाना क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री में देर शाम आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की करीब आठ गाड़ियों ने लंबे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग के दौरान फैक्ट्री में रखे कुछ सिलेंडरों में भी धमाके हुए, जिससे हालात और गंभीर हो गए। बतासा बनाने वाली यूनिट से आग लगी फैक्ट्री मालिक सतेंद्र पंडित ने बताया कि पास में स्थित एक बतासा बनाने वाली यूनिट से आग फैलकर उनकी फैक्ट्री तक पहुंची। उस समय कर्मचारी काम में लगे हुए थे, लेकिन आग फैलते देख उन्होंने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। 8 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका। फैक्ट्री में कूलर के विभिन्न पार्ट्स को जोड़ने का काम किया जाता था और गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पिछले कई महीनों से तैयारियां चल रही थीं। घटना में लगभग 700 तैयार कूलर और भारी मात्रा में सामान पूरी तरह जल गया। वोडाफोन सेंटर के जनरेटर में आग लगी इसके अलावा, दूसरी घटना फरीदाबाद के प्याली चौक के पास एक बिल्डिंग में हुई, जहां वोडाफोन सेंटर के जनरेटर में आग लग गई। यह जनरेटर बिल्डिंग की तीसरी मंजिल की छत पर रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि बिजली जाने के बाद जनरेटर चलाया गया, जिसके कुछ समय बाद उसमें शॉर्ट सर्किट हो गया और आग लग गई। देखते ही देखते वहां से धुआं उठने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इस घटना को नोटिस किया। फायर बिग्रेड़ की गाड़ी ने आग पर काबू पाया कर्मचारी छत पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग ज्यादा होने के कारण वे सफल नहीं हो पाए। इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। दमकल विभाग की टीम करीब 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई और तेजी से कार्रवाई करते हुए लगभग 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। यहां देखें फोटो…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *