फरीदाबाद में तेज रफ्तार कार का कहर VIDEO:महिला समेत दो को टक्कर मारी, मौके से हुआ फरार, पुलिस बोली शिकायत नही मिली

फरीदाबाद में बल्लभगढ़ की विष्णु कॉलोनी में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। शुक्रवार रात गली में टहल रहे एक महिला और एक व्यक्ति को तेज गति से आई कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीछे से टक्कर मारकर हवा में उछाला मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे विष्णु कॉलोनी की गली में लोग सामान्य रूप से आ-जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक सफेद रंग की कार ने पीछे से सड़क पर चल रही महिला और एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। कार की गति इतनी तेज थी कि दोनों पहले हवा में उछले और फिर सड़क पर गिर पड़े। दोनों गंभीर रूप से घायल स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर काफी जोरदार थी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद कार चालक तेज गति से वाहन लेकर फरार हो गया। इस दौरान आसपास मौजूद कई अन्य लोग भी कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। बच्ची का हाथ पकड़कर चल रही थी महिला सामने आए सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि एक महिला अपनी बच्ची का हाथ पकड़कर सड़क पर चल रही है। उनके पीछे एक व्यक्ति भी पैदल जा रहा है और आसपास लोग भी मौजूद हैं। तभी अचानक एक सफेद कार तेज रफ्तार से आती है और पीछे से दोनों को टक्कर मार देती है। टक्कर के बाद वहां अफरा-तफरी मच जाती है। लोगों ने चालक को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। पुलिस को अभी नहीं मिली शिकायत बल्लभगढ़ आदर्श नगर थाना इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। किसी भी अस्पताल से भी इस घटना की सूचना नहीं आई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *