फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में शनिवार शाम दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, विवाद की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि सेक्टर-12 का टाउन पार्क छुट्टी के दिन लोगों से खचाखच भरा रहता है। शनिवार शाम को भी बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और बच्चों के साथ पार्क में घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। झूलों के पास शुरू हुआ विवाद प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पार्क में लगे झूलों के पास दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह बहस झगड़े में बदल गई और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। जमकर चले लात-घूंसे विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। पार्क में मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस को नहीं मिली शिकायत सेंट्रल थाना प्रभारी रणबीर सिंह के मुताबिक, इस घटना को लेकर अभी तक थाने में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। डायल-112 पर भी इस संबंध में कोई कॉल प्राप्त नहीं हुई है। जांच में जुटी पुलिस पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।