फरीदाबाद में नहर से मिला युवक का शव:झाड़ियों में फंसा, बाहर निकालने में लगे 3 घंटे, नहीं हो सकी पहचान

फरीदाबाद में बडोली पुल के पास बीपीटीपी थाना क्षेत्र से गुजरने वाली नहर में शनिवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। बीपीटीपी थाना के एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि, दोपहर करीब 1 बजे डायल-112 की ईआरवी टीम को एक व्यक्ति ने फोन कर नहर में शव दिखाई देने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां पहले से कुछ लोग खड़े थे। लाल रंग की जैकेट पहन रखी
जब पुलिसकर्मी नहर के अंदर उतरे तो शव पानी के बीच झाड़ियों में फंसा हुआ मिला, जिसे निकालना काफी कठिन था। पुलिस और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे में शव को बाहर निकाला जा सका। बाहर निकालने पर पता चला कि शव एक युवक का है, जिसने लाल रंग की जैकेट पहन रखी थी। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह कई दिनों पुराना है। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि युवक ने संभवतः नहर में कूदकर जान दी होगी। हाल के दिनों में नहर में पानी का स्तर कम होने के कारण शव बहकर आगे नहीं जा सका और एक ही स्थान पर झाड़ियों में फंसा रहा, जिससे अब वह दिखाई दिया। नहीं हो सकी मृतक की पहचान फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है और विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की शिनाख्त जल्द हो सके। शव को बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *