फरीदाबाद में युवक पर कैंची से किया हमला:दिल्ली रेफर, दूसरे पक्ष ने घर की पत्थरबाजी, 6 घायल

फरीदाबाद जिले में बल्लभगढ़ के गांव खंदावली में शुक्रवार रात एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो पक्षों के बीच मारपीट और पत्थरबाजी की घटना सामने आई। इस झगड़े में कुल 7 लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव खंदावली निवासी रशीद शुक्रवार रात करीब 9 बजे फिरनी के पास स्थित एक टेलर की दुकान पर ईद के लिए सिलवाए गए कपड़े लेने गया था। जब वह कपड़े लेकर वापस अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में गांव के ही 5 युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने कैंची से किए वार आरोप है कि हमलावरों ने रशीद पर कैंची से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल रशीद को तुरंत उपचार के लिए बल्लभगढ़ के बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया। दूसरे पक्ष ने ईंट-पत्थरों से किया हमला इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद कुछ लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर पहुंचकर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस पत्थरबाजी में आरोपी पक्ष के भी 6 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक पक्ष से पुलिस को दी शिकायत मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि एक पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज करवा दी गई है, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही दोनों पक्षों की शिकायतें मिलेंगी, उसके आधार पर जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव खंदावली में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस की नजर बनी हुई है, ताकि किसी प्रकार की दोबारा घटना न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *