फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में 22 फरवरी की रात को चावला कॉलोनी में एक व्यक्ति से 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगने तथा रंगदारी न देने पर गोली मारने की धमकी के एक मामले में थाना शहर बल्लभगढ़ की टीम ने आरोपी सागर (32) वासी कुम्हारवाडा व चेतन (23) वासी आजाद नगर बल्लभगढ को काबू कर लिया है। थाना शहर बल्लभगढ़ की टीम ने तकनीकी सहायता के आधार पर दोनों आरोपितों को काबू किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों दोस्त है। आरोपी सागर पहले शिकायतकर्ता की दुकान पर काम करता था। जांच में सामने आया कि दोनों का क्रिमिनल रिकार्ड है। मंगलवार को कोर्ट में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित शुभम गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह बल्लभगढ़ क्षेत्र में फर्नीचर का कारोबार करते हैं। बीती रात करीब 12 बजे जब वह अपने घर पर सो रहे थे, तभी उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। जब उसने फोन उठाया, दूसरी ओर से व्यक्ति ने गाली-गलौज शुरू कर दी और सीधे 20 लाख रुपए की मांग रख दी। कॉल करने वाले ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो जब भी वह दुकान पर आएंगे, उन्हें गोली मार दी जाएगी। बाइक सवारों ने दुकान के शीशे तोड़े शुभम गोयल के अनुसार उन्होंने कई बार फोन करने वाले से उसका नाम और पता पूछा, लेकिन उसने अपनी पहचान बताने से इनकार कर दिया। कुछ देर बातचीत के बाद उन्होंने फोन काट दिया। आरोप है कि फोन कटने के कुछ ही समय बाद दो अज्ञात युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव में दुकान के शीशे टूट गए। फोन पर दुकानदारों ने दी सूचना सुबह करीब 7:30 बजे पड़ोसी दुकानदारों ने शुभम गोयल को फोन कर दुकान पर हुई तोड़फोड़ की जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि दुकान के सभी शीशे टूटे हुए थे और काफी नुकसान हुआ है। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शुभम गोयल ने सिटी थाने में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ फोन पर धमकी देकर फिरौती मांगने और दुकान में तोड़फोड़ करने की लिखित शिकायत दी थी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरु कर दी थी।