फरीदाबाद के एनआईटी-4 स्थित केंद्र सरकार के सीपीडब्ल्यूडी (CPWD) कार्यालय को नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स बकाया होने के चलते सील कर दिया है। जानकारी के अनुसार, इस कार्यालय पर करीब 12 करोड़ रुपये से अधिक का टैक्स बकाया था, जो लंबे समय से जमा नहीं कराया गया था। निगम की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए मौके पर पहुंचकर कार्यालय को सील करने की कार्रवाई की। नगर निगम फरीदाबाद इन दिनों प्रॉपर्टी टैक्स बकायादारों के खिलाफ विशेष सीलिंग अभियान चला रहा है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशानुसार बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि बार-बार नोटिस देने और पर्याप्त समय देने के बावजूद जब भुगतान नहीं किया गया, तब यह कार्रवाई की गई।
कस्तूरबा सेवा सदन का कार्यालय भी सील इसी अभियान के तहत एनआईटी-5 स्थित कस्तूरबा सेवा सदन के कार्यालय को भी सील किया गया है। इस संपत्ति पर लगभग 1 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया बताया गया है। यह कार्रवाई क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी सुमन रतरा की टीम द्वारा की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर बकाया राशि से संबंधित दस्तावेजों की पुष्टि करने के बाद सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की। अब तक 111 प्रॉपर्टियां सील नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में सभी जोनों में चलाए गए अभियान के दौरान करीब 25 करोड़ रुपये से अधिक बकाया राशि वाली 111 प्रॉपर्टियों को सील किया गया है। निगम का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिन संपत्तियों पर टैक्स बकाया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम आयुक्त की अपील निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने सभी प्रॉपर्टी मालिकों से अपील की है कि 31 मार्च वित्तीय वर्ष की अंतिम तिथि है, इसलिए सभी बकायादार समय रहते अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराएं और शहर के विकास कार्यों में सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर टैक्स जमा नहीं किया गया, तो सीलिंग सहित अन्य सख्त कदम उठाए जाएंगे।