फरीदाबाद जिले में सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली। गांव झाड़सेंतली के पास देर रात हुए भीषण एक्सीडेंट में दो दोस्तों की जान चली गई। दोनों युवक बाइक पर सवार थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर हुई दोनों की मौत मंगलवार देर रात हाईवे पर यह हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक मदद पहुंचती, दोनों की सांसें थम चुकी थी। बताया जा रहा है कि दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। इसके बावजूद टक्कर की तीव्रता जानलेवा साबित हुई। एक ड्राइवर, तो दूसरे ने ग्रेजुएशन पूरी की मृतकों की पहचान 25 वर्षीय शगुन और निशांत के रूप में हुई है, जो नजफगढ़ की प्रेम नगर कॉलोनी के रहने वाले थे। निशांत मूल रूप से अलीगढ़ जिले के बिलोना गांव का निवासी था, लेकिन बचपन से ही अपने मामा नवीन के पास नजफगढ़ में रह रहा था। परिवार के मुताबिक वह एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ ड्राइवर के तौर पर काम करता था। वहीं शगुन ने हाल ही में अपनी ग्रेजुएशन पूरी की थी। दोनों की दोस्ती बचपन से थी और हर सुख-दुख में साथ रहते थे। मां से काल कर बोले- खाना बनाकर रखो परिजनों ने बताया कि हादसे से पहले निशांत ने घर पर फोन कर मां से कहा था कि खाना बनाकर रखें, वह दोस्त के साथ घर पहुंच रहा है। कुछ ही देर बाद दुर्घटना की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। निशांत की शादी को अभी एक साल ही हुआ था। दो फरवरी को उसने अपनी पहली शादी की सालगिरह मनाई थी। उसके पिता खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि छोटा भाई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। उधर, शगुन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक छोटी बहन है। दोनों युवकों की असमय मौत से परिवारों के साथ-साथ पूरे इलाके में शोक की लहर है। मामले की जांच में जुटी पुलिस सेक्टर-58 थाना पुलिस इंचार्ज ने बताया कि अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।