फाजिल्का के बस्ती हजूर सिंह में एक 65 वर्षीय व्यक्ति ने अपने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक प्रभदयाल कंस्ट्रक्शन ठेकेदार थे। आत्महत्या के पीछे एक विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि विवाद के कारण उनके ऊपर केस दर्ज कराया गया था, जिससे वह परेशान थे पत्नी स्नेहलता ने बताया कि प्रभदयाल ने करीब छह महीने पहले न्यू चंडीगढ़ में एक व्यक्ति के लिए बिल्डिंग बनवाई थी। शुरुआत में कोई विवाद नहीं था और उस व्यक्ति ने उनके पति को सैलरी का भुगतान भी किया था। हालांकि, कुछ महीने बाद उसी व्यक्ति ने प्रभदयाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। स्नेहलता के अनुसार, पुलिस द्वारा बार-बार बुलाए जाने से उनके पति परेशान थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
स्नेहलता ने बताया कि घटना वाले दिन उनके पति ने गुरुद्वारा साहिब जाने की बात कही थी और उन्हें भी कुटिया जाने के लिए कहा था। जब वह वापस लौटीं, तो उन्होंने प्रभदयाल का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया। पुलिस अधिकारी भगवान चंद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रभदयाल ने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या की है। उनकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है और जांच जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ़ॉ