फाजिल्का से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में गुरुवार रात 2:00 बजे बदमाशों ने घुसकर यात्रियों से लूटपाट की। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें यात्रियों द्वारा कहा जा रहा है कि रास्ते में कुछ युवक ट्रेन में दाखिल हुए और मारपीट कर महिला और व्यक्ति से नगदी व गहने लूट कर फरार हो गए। फिलहाल उनके द्वारा पुलिस प्रशासन से इस मामले पर इंसाफ की गुहार लगाई जा रही है। ट्रेन में मौजूद फाजिल्का में फायर ब्रिगेड विभाग में ड्राइवर की ड्यूटी करने वाले सुखदयाल चंद ने बताया कि फाजिल्का से रात 2 बजकर 5 मिनट पर दिल्ली के लिए ट्रेन रवाना होती है। इसमें वह सवार होकर जा रहे हैं। इसी ट्रेन में चार युवकों द्वारा लूटपाट की गई है।
चार ट्रेन में घुसे पहले गालियां दी और झगड़ा किया, फिर लूट उन्होंने बताया कि रास्ते में बरीवाला स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो चार युवक ट्रेन में दाखिल हुए। उन्होंने ट्रेन में दाखिल होने के बाद बेवजह महिलाओं को गालियां देनी शुरू कर दी। जब उन्होंने रोका तो उनके साथ झगड़ा करने लगे। फिर उन्हें छोड़ पास में बैठे परिवार के साथ उन्होंने झगड़ा किया। श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले परिवार के व्यक्ति ने बताया कि उससे युवक करीब दस हजार की नकदी, सोने की चेन और उसकी पत्नी से कान में डाली बाली व अन्य सामान छीन कर ले गए। उन्होंने बताया कि उन्हें न सिर्फ लूटा गया बल्कि उनके साथ मारपीट भी की गई। फिलहाल उनके द्वारा पुलिस से इस मामले में इंसाफ की मांग की जा रही है। सुखदियाल चंद ने कहा कि वह फाजिल्का, फिरोजपुर और बठिंडा पुलिस से गुहार लगाते हैं कि इस मामले पर संज्ञान लें, जिसमें यात्रियों को लूट का शिकार बनाया जा रहा है।