पटना के फुलवारीशरीफ में कोचिंग छात्रा पिंकी कुमारी की संदिग्ध मौत का मामला गरमा गया है। घटना के विरोध में शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया है। प्रदर्शनकारियों ने छात्रा की मौत को हत्या बताते हुए अपराधियों की फौरन गिरफ्तारी की मांग की है। पटना-औरंगाबाद मार्ग को किया बंद प्रदर्शनकारियों ने एम्स गोलंबर के नजदीक पटना-औरंगाबाद मार्ग को बंद कर दिया। वे लगातार अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। उन्होंने इस घटना की न्यायिक जांच की भी मांग की। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल के साथ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी और फुलवारी शरीफ थाना पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। कोचिंग के चौथे तल्ले से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत गुरुवार सुबह इंटर की छात्रा पिंकी कुमारी की कोचिंग के चौथे तल्ले से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई थी। परिवार के सदस्यों ने इसे हत्या करार दिया था। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुक्रवार को हुए इस प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक गोपाल रविदास ने किया, जिसमें ग्रामीण भी शामिल थे। उन्होंने मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया।