हरियाणा के करनाल में एक फॉरेस्ट ऑफिसर को डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया है। अधिकारी फार्म हाउस के लिए रास्ता बना रहे किसान को डरा-धमकाकर पैसे मांग रहा था। असंध एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) टीम ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार देर रात आरोपी को पकड़ लिया। रातभर उससे पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि वह किसान पर पेड़ काटने का आरोप लगा डरा रहा था। इसका खुलासा शनिवार दोपहर बाद हुआ जब ACB आरोपी का मेडिकल कराने सिविल अस्पताल लाई। इसके बाद उसे कोर्ट में भी पेश किया गया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। किसान को कब्जे और पेड़ काटने का डर दिखाया ACB इंस्पेक्टर सुलतान सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान चांदवीर के रूप में हुई है। वह वन विभाग में फॉरेस्ट ऑफिसर है। असंध के जींद रोड पर एक किसान अपने खेत में फार्म हाउस बनाना चाहता था। उसने रास्ता बनाने के लिए जमीन की सफाई करवाई। इसी दौरान चांदवीर वहां पहुंचा और किसान पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने व पेड़ काटने का आरोप लगाया। 15 लाख जुर्माने लगने की बात कही इंस्पेक्टर ने आगे बताया कि आरोपी ने किसान को डराया और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। चांदवीर ने JCB से फार्म हाउस के सामने गड्ढे खुदवा दिए और कहा कि उस पर 15 लाख रुपए का जुर्माना लगेगा। डर के चलते किसान ने बातचीत की, जिसके बाद मामला डेढ़ लाख रुपए में तय हुआ। आरोपी लगातार पैसे देने का दबाव बना रहा था। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…