बंदरा में लीची उत्पादकों का सेमिनार आयोजित:आधुनिक खेती की जानकारी दी गई, बेहतर निर्यात पर जोर

मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड के हरपुर मध्य विद्यालय प्रांगण स्थित भोला बाबा मंदिर परिसर में लीची उत्पादकों के लिए बुधवार को सुपरप्लम कंपनी द्वारा एक किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों लीची किसानों ने भाग लिया और आधुनिक खेती, गुणवत्ता सुधार तथा निर्यात के अवसरों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कंपनी के सीनियर डायरेक्टर प्रोक्योरमेंट डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि सुपरप्लम पिछले छह वर्षों से इस क्षेत्र में सक्रिय है। कंपनी अब तकनीकी सहयोग के माध्यम से बागानों की नियमित देखरेख, फ्लोरिंग समस्याओं का समाधान, पेड़ों की कटाई-छंटाई और जड़ों तक सूर्य की रोशनी पहुंचाने पर विशेष ध्यान दे रही है। गुणवत्तापूर्ण उत्पादन बड़ी चुनौती डॉ. कुमार ने कहा कि छोटे किसानों के सामने बेहतर दाम, कम लागत और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन एक बड़ी चुनौती है। कंपनी इस चुनौती को फसल पूर्व आवंटन, पारदर्शी मूल्य निर्धारण और स्थानीय संग्रहण सुविधा प्रदान करके दूर कर रही है। छह जिलों की शाही लीची को जीआई टैग मिला किसान प्रतिनिधि बच्चा प्रसाद सिंह ने जानकारी दी कि मुजफ्फरपुर सहित छह जिलों की शाही लीची को जीआई टैग मिला हुआ है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे अपने बगीचों का भी जीआई पंजीकरण कराकर अपने उत्पाद का मूल्य बढ़ा सकते हैं। गोष्ठी में आधुनिक एग्रोनॉमी तकनीक, पोस्ट-हार्वेस्ट मैनेजमेंट, कोल्ड चेन, डिजिटल सप्लाई चेन और निर्यात मानकों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। खेत पर ही खरीद की सुविधा कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि सुपरप्लम बिहार, पश्चिम बंगाल और पंजाब सहित प्रमुख लीची उत्पादक राज्यों में काम कर रही है। यह लीची को देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ कनाडा, यूरोप और यूएई तक पहुंचा रही है। डिजिटल भुगतान, कटाई से पहले मूल्य की जानकारी और खेत पर ही खरीद की सुविधा से किसानों को बाजार से बेहतर दाम मिल रहे हैं। निर्यात को तीन गुना करने का लक्ष्य पिछले वर्ष समुद्री मार्ग से दुबई को लीची का निर्यात सफल रहा था। इस साल कंपनी ने निर्यात की मात्रा को तीन गुना करने का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम में उत्पादक और अन्य कंपनी अधिकारी मौजूद कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान बच्चा प्रसाद सिंह, नरेश कुशवाहा और वीरेंद्र महतो को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कंपनी के बसंत झा, कुमारी सत्या, पप्पू कुमार, कौशलेंद्र ठाकुर, सुनील राम, गोपाल शर्मा, सुधीर कुमार पांडे, सुभन्स राय, विजय कुमार, मो. लालू, मो. गुड्डू, मो. मुन्ना, संतोष कुमार, भोला पोद्दार, मो. मेराज सहित सैकड़ों लीची उत्पादक और कई अन्य कंपनी अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *