बक्सर में 6 साल का बच्चा जिंदा जला:जलते पुआल में गिरने से हादसा, अस्पताल में तोड़ा दम, चाचा बोले- झोपड़ी में अकेले खेल रहा था

बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत मटकीपुर पंचायत में गुरुवार को एक छह वर्षीय मासूम की जलते पुआल के ढेर में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राजकुमार साह के पुत्र आदित्य कुमार (6) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि आदित्य अपने घर के पीछे अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। वहीं पास में पुआल का ढेर रखा हुआ था। इसी दौरान अचानक पुआल में आग लग गई और आदित्य अनियंत्रित होकर जलते ढेर में गिर पड़ा। आग कैसे लगी, इसका स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आ सका है। मृत बच्चे के दादा गोरख साह ने बताया कि अचानक शोर सुनकर वे घर के पीछे पहुंचे। उन्होंने देखा कि पुआल का ढेर धधक रहा था और उनका पोता उसी आग में गिरा हुआ था। परिजनों ने तुरंत साहस दिखाते हुए बच्चे को आग से बाहर निकाला। हृदयविदारक घटना से पूरा गांव स्तब्ध
बच्चे को तत्काल इलाज के लिए गोद में उठाकर बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आदित्य के पिता राजकुमार साह एक राइस मिल में काम करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलते ही वे बदहवास हालत में घर पहुंचे। इस हृदयविदारक घटना से पूरा गांव स्तब्ध है और हर आंख नम है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही धनसोई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *