बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आज 17वां दिन है। आज सरकार की तरफ से 185 सवालों का जवाब दिया जाएगा। इसमें 180 तारांकित प्रश्न चिन्हित किए गए हैं। पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुमार ने गांधी सेतु के विस्थापितों से संबंधित सवाल पूछा है। उन्होंने पूछा है कि 1971-72 में गांधी सेतु बना है, लेकिन इसमें जिनकी जमीन गई है, उनके 128 लोगों को अभी तक नहीं बसाया जा सका है। मंगलवार को चौकीदार-दफादार के मुद्दे पर हुआ था हंगामा बिहार विधानसभा में मंगलवार को जोरदार हंगामा हुआ। सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद विधायक भाई वीरेंद्र के बीच जमकर तू-तू, मैं-मैं हुई। दरअसल, सदन की कार्यवाही शुरू होते ही राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने सोमवार को चौकीदारों पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, बर्बरतापूर्वक मारा गया, ये सरकार नहीं चलेगी। राजद विधायकों को जवाब देने के लिए संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी उठे। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चलेगी तो चौकीदारों की सुनेगा कौन। सीएम ने विपक्ष को घेरा इतने में सीएम नीतीश भी खड़े हो गए। उन्होंने भाई वीरेन्द्र को कहा, ‘हमलोग 2002 हैं आपलोग कितने हैं, बेकार का हो-हल्ला मत कीजिए। आप लोगों ने कभी कोई काम नहीं किया है।’ हालांकि, NDA ने इस बार 202 सीटों पर जीत दर्ज की है। गलती से सीएम ने उसे 2002 कह डाला। मंत्री विजय चौधरी ने कहा, ‘विपक्ष ने चौकीदार-दफादार की बात उठाई। अगर सरकार प्रदर्शन के खिलाफ होती तो प्रदर्शन को रोक देती। हमारी सरकार ने प्रदर्शन नहीं रोका। सरकार उनकी मांगों पर विचार करेगी।’