पंजाब के लिए केंद्र सरकार के 2026 के बजट में कई घोषणाएं हुईं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में कहा है कि किसानों को गेहूं और धान की खेती से आगे बढ़ने के लिए तिलहन और दलहन की खेती पर खास प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इससे उन किसानों को सीधा फायदा होगा, जो अलग-अलग फसलें उगाने का फैसला करेंगे। सरकार ने छोटे और मध्यम उद्योगों यानी MSME सेक्टर के लिए निवेश की सीमा भी बढ़ा दी है। इससे लुधियाना, जालंधर और अमृतसर जैसे शहरों में चल रहे उद्योगों को फायदा मिलेगा। अब इन उद्योगों को पहले से ज्यादा लोन और सरकारी मदद मिल सकेगी। इसके अलावा लुधियाना के होजरी और जालंधर की खेल सामग्री जैसे पंजाब के उत्पादों को विदेशों में बेचने के लिए सरकार मदद करेगी। इसके लिए चैंपियंस पोर्टल पर एक अलग ‘निर्यात डेस्क’ बनाई जाएगी, ताकि कारोबारी आसानी से अपने सामान को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बेच सकें। रेल सुविधा को बेहतर बनाने के लिए बजट में 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा की गई है। साथ ही उत्तर भारत में लॉजिस्टिक्स सुधारों से पंजाब का सामान अब बंदरगाहों तक कम खर्च में और जल्दी पहुंच सकेगा। 4 पॉइंट में जानिए पंजाब को क्या मिला
अब जानिए बजट पर किसने क्या कहा… बजट पंजाब के लिए निराशाजनक- कांग्रेस सांसद पूर्व सीएम और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने केंद्र सरकार के बजट पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पंजाब दौरे पर जा रहे हैं और जिस एयरपोर्ट का नामकरण प्रधानमंत्री करने जा रहे हैं, उसकी घोषणा पहले ही हो चुकी थी। इस संबंध में पंजाब सरकार की ओर से प्रस्ताव भी पास कर केंद्र को भेजा गया था। उन्होंने यह भी कहा कि आज बजट सत्र न रखने की मांग की गई थी, लेकिन उस पर विचार नहीं किया गया। चन्नी के मुताबिक यह बजट पंजाब के लिए निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि बजट में किसानों और मजदूरों के लिए कुछ भी नहीं है। चन्नी ने किसानों को देश का अन्नदाता बताते हुए कहा कि किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी की मांग कर रहे हैं, लेकिन बजट में इस पर कोई चर्चा नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि किसानों और मजदूरों का कर्ज माफ क्यों नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव केरल और पंजाब दोनों राज्यों में हैं, लेकिन बजट में केरल को ज्यादा दिया गया है, जबकि पंजाब को नजरअंदाज कर दिया गया। चन्नी ने कहा कि केंद्र सरकार हर बार पंजाब के साथ भेदभाव करती है। न अन्नदाता को कुछ दिया और न रोजगार का रोड़ मैप – बाजवा पंजाब में कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि बजट 2026–27 ने साफ कर दिया है कि पंजाब पूरी तरह भुला दिया गया है। न अन्नदाता किसान के लिए राहत, न युवाओं के लिए रोजगार का रोडमैप, न उद्योग और न ही शहरों के विकास की कोई योजना। बड़े-बड़े शब्द बदल दिए गए, लेकिन जमीनी हकीकत वहीं की वहीं है। 12 साल की बीजेपी सरकार के बाद भी पंजाब के सवालों का एक भी जवाब नहीं है न विजन है, न इच्छाशक्ति, अब तो बचाव के लिए नारे भी नहीं बचे।” बजट में पंजाब को भी फायदा- भाजपा प्रधान भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि बजट में 14 लाख करोड़ रुपए राज्यों के लिए रखा गया है। इससे पंजाब को भी पैसा मिलेगा। ये पैसा इसलिए रखा गया है ताकि देश का हर राज्य आत्मनिर्भर हो सके। रविदास जयंती पर प्रधानमंत्री की ये सच्ची श्रद्धांजलि है। प्रधानमंत्री आज जालंधर आकर आदमपुर एयरपोर्ट का नामकरण गुरु रविदास महाराज कर रहे हैं। ये उनका बहुत बड़ा संदेश है। प्रधानमंत्री देश के उन वर्गों को आगे बढ़ाना चाहते हैं, जो पिछली सरकारों के समय हाशिए पर चले गए थे। यह बैलेंस बजट है- शर्मा एसाेसिएशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री अंडरटेकिंग के प्रेजिडेंट पंकज शर्मा ने बताया कि यह बैलेंस बजट है। एमएसएमई को लेकर बजट में प्रावधान रखे हैं। टैक्सटाइल को लेकर बजट में कहा गया है लेकिन इंजीनियरिंग इंडस्ट्री के लिए कुछ नहीं कहा गया। टैक्सटाइल में टेक्नालॉजी अपग्रेडेशन और इको सिस्टम पैदा करने पर फोकस करने की बात कही गई है। मेगा टैक्सटाइल पार्क की बात की है। महात्मा गांधी खादी योजना को ला रहे हैं, ये अच्छा है। स्पोर्ट्स इंडस्ट्री के लिए अच्छा है। केंद्र से पंजाब सरकार ने ये मांगें की थीं…