बिहार सरकार ने मंगलवार को पेश किए गए बजट 2026-27 में सहरसा हवाई अड्डे के रनवे विस्तार के लिए 147 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इस राशि से हवाई अड्डे के आसपास की लगभग 12 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा, जिससे कोसी प्रमंडल के लोगों का दशकों पुराना सपना पूरा होने की उम्मीद है। बजट के अनुसार, सहरसा हवाई अड्डे को वाणिज्यिक उड़ानों के लिए उपयुक्त बनाने हेतु रनवे की लंबाई बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में रनवे छोटा होने के कारण यहां बड़े विमान नहीं उतर पाते थे। विस्तार के बाद सहरसा से पटना, दिल्ली और अन्य महानगरों के लिए सीधी विमान सेवाएं शुरू होने का मार्ग प्रशस्त होगा। सहरसा के आर्थिक विकास को गति मिल सकती
शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़े व्यवसायियों का मानना है कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से बाहरी निवेशक कोसी क्षेत्र की ओर आकर्षित होंगे। इससे सहरसा के आर्थिक विकास को गति मिल सकती है। सॉफ्टवेयर इंजीनियर स्नेहा झा ने बताया कि नौकरी के लिए बेंगलुरु जाने से पहले उन्हें ट्रेन से पटना या दरभंगा जाना पड़ता था। अब अपने शहर से सीधी उड़ान मिलने की उम्मीद से वे उत्साहित हैं। डॉ. निधि गुप्ता ने कहा कि मेडिकल इमरजेंसी में मरीजों को दिल्ली या वेल्लोर ले जाना बेहद मुश्किल होता था; रनवे बड़ा होने से एयर एंबुलेंस आसानी से उतर सकेगी, जिससे कई जानें बच सकेंगी। एयरपोर्ट का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा
प्रोफेसर एस.के. सिंह ने इसे ‘वर्षों के संघर्ष की जीत’ बताया और कहा कि 12 एकड़ जमीन मिलने से एयरपोर्ट का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा। उन्होंने सरकार से काम युद्धस्तर पर शुरू करने का आग्रह किया। रामू मंडल ने 147 करोड़ रुपये के मुआवजे को ‘अच्छी बात’ बताते हुए कहा कि यदि किसानों को सही दाम मिलेगा, तो वे विकास के साथ खड़े हैं। प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही जिला प्रशासन जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करेगा। उम्मीद है कि अगले वित्तीय वर्ष में यह कार्य धरातल पर दिखाई देगा।