गुरदासपुर जिले के गांव सैरोवाल निवासी पिता-पुत्र मांगों को लेकर घुमान में हाई वोल्टेज तारों के 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़े थे। दोनों बुधवार सुबह 9 बजे टॉवर पर चढ़े थे और 55 घंटे बाद नीचे उतरे। डीएसपी के आश्वासन के बाद पिता-पुत्र को नीचे उतारा गया। बता दें, इससे पूर्व स्थानीय पुलिस ने भी उन्हें कई बार नीचे उतरने को कहा। लेकिन, दोनों पिता-पुत्र 55 घंटे तक टावर पर डटे रहे। इस दौरान लोगों ने भी पिता-पुत्र को नीचे उतरने की बात कही पर वे दोनों अपनी जिद पर अड़े रहे। दोनों की पहचान गांव शैलोवाल निवासी हरमन सिंह और उसके पिता हरदेव सिंह के तौर पर हुई है। मांग पूरी नहीं हुई तो करेंगे धरना-प्रदर्शन
डीएसपी टीपी सिंह ने विश्वास दिलाया कि इस मामले की 15 दिनों के भीतर जांच कर समाधान किया जाएगा। पुलिस द्वारा दिए गए आश्वासन वह दोनों नीचे उतर आए हैं। कामरेड गुरमीत सिंह बखतपुरा और हरविंदर सिंह मल्ली ने कहा कि 15 दिनों के अंदर दर्ज केस खारिज नहीं होता तो वह 32 संगठनों को साथ लेकर बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। टावर पर चढ़ना मजबूरी थी
हरदेव सिंह ने बताया कि वर्ष 2021 में गांव के ही कुछ व्यक्तियों ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमान में पेपर देने आए उसके बेटे की तेजधार हथियार से हत्या कर दी थी। हत्या के आरोपी कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आए हैं और उन्हें परेशान कर रहे हैं।
उन लोगों ने उनके खिलाफ झूठा मामला भी दर्ज करवा दिया है, जिसके चलते पुलिस ने रेड की और उनके छोटे बेटे को हिरासत में ले लिया। इसी कारण मजबूरी में वह और उनका बेटा टावर पर चढ़ गए थे और मांगें मनवाने तक टावर ही रहे।