बठिंडा पुलिस ने कांग्रेस नेता सुखराज नत्त के बेटे दविंदर नत्त की आत्महत्या मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन बिल्डरों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है, जिन पर दविंदर नत्त से 4 से 5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। एस.पी. सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि इन बिल्डरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं। यह कार्रवाई दविंदर नत्त द्वारा आत्महत्या करने से पहले जारी किए गए एक वीडियो के आधार पर की गई है। दविंदर नत्त ने की थी आत्महताया दविंदर नत्त ने हाल ही में आत्महत्या कर ली थी। उनके पिता सुखराज नत्त बठिंडा की मौड़ मंडी से विधानसभा चुनाव लड़ चुके थे, जिनका कुछ साल पहले निधन हो गया था। आत्महत्या से पहले जारी वीडियो में दविंदर नत्त ने मोहाली के एक बिल्डर पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी बताया था कि उन्होंने इस धोखाधड़ी को लेकर राज्य के मंत्रियों से भी मुलाकात की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसके कारण वे परेशान होकर यह कदम उठा रहे हैं। SP बोले- सुसाइड नोट-वीडियो के आधार पर कार्रवाई कर रहे इस बारे में SP (सिटी) नरिंदर सिंह ने कहा- कल रात हमें इन्फॉर्मेशन मिली थी दविंदर नत्त गणपति एनक्लेव बठिंडा में रह रहे थे। उन्होंने लाइसेंसी वैपन से गोली मारकर सुसाइड कर लिया। इस संबंध में उन्होंने सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर फेसबुक पर अपलोड किया था। एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। उनकी मां के बयान पर सुसाइड नोट और वीडियो के आधार पर कार्रवाई कर रहे हैं। जांच के दौरान जो भी सामने आएगा, उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई होगी। मृतक ने मरने से पहले सुषमा बिल्डर्स के मालिक और उसके बेटों पर आरोप लगाए हैं।