ब​ठिंडा में ड्रग इंस्पेक्टर ₹1 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार:फैक्ट्री मालिक से ₹10 लाख या हिस्सेदारी मांग रहा था, कई से हिस्सा लेने का आरोप

बठिंडा विजिलेंस ब्यूरो ने आज एक ड्रग इंस्पेक्टर को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ड्रग इंस्पेक्टर मुक्तसर साहिब में तैनात था और बठिंडा में एक दवा फैक्ट्री की जांच के लिए आया था। विजिलेंस टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर रमन को बठिंडा के मॉल रोड पर उसकी सरकारी गाड़ी में रिश्वत लेते हुए पकड़ा। टीम ने मौके पर ही उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत की राशि बरामद कर ली। विजिलेंस ब्यूरो के इंस्पेक्टर नरिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि ड्रग इंस्पेक्टर 2 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है। इसके बाद एक जाल बिछाया गया और ड्रग इंस्पेक्टर रमन को उसकी सरकारी गाड़ी से एक लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फैक्ट्री मालिक ने की थी शिकायत शिकायतकर्ता रोमी बंसल ने बताया कि बठिंडा के 400 किला इंडस्ट्रियल एरिया में उनकी एक फार्मास्यूटिकल फैक्ट्री है। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्रग इंस्पेक्टर उन्हें काफी समय से परेशान कर रहा था और उनकी फैक्ट्री को सील कर दिया था। फैक्ट्री खुलने के बाद आरोपी ने उनसे 10 लाख रुपये या फैक्ट्री में हिस्सेदारी की मांग की थी। कई फैक्ट्रियों से हिस्सा लेने का आरोप बंसल ने यह भी आरोप लगाया कि इस ड्रग इंस्पेक्टर ने कई अन्य फैक्ट्रियों से भी कथित तौर पर हिस्सा लिया है और मामले की गहन जांच की मांग की। गिरफ्तार ड्रग इंस्पेक्टर रमन ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसे फंसाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *