बठिंडा में छुट्टी पर आए एक फौजी ने अपने माता-पिता को गोली मार दी। फायरिंग के बाद पिता को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है। दरअसल, सेना में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात फौजी हरप्रीत सिंह हाल ही में छुट्टी पर अपने घर आया था। इसी दौरान उसका एक मामुली बात पर माता-पिता से झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद अचानक वो गुस्से में आकर दोनों पर फायर कर देता है। दोनों घायल होकर जमीन पर गिर जाते हैं। गोली की आवाज सुन बाकी परिजन और पड़ोसी भागकर आते है और दोनों को पहले सिविल अस्पताल ले जाया जाता है। जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर देती है। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं: SHO जोगी नगर कैनाल कॉलोनी पुलिस स्टेशन के SHO इंस्पेक्टर हरजोत सिंह ने कहा कि हमें जोगी नगर में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से हथियार को कब्जे में ले लिया है। एसएचओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं बताई जा रही और उसका इलाज चल रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस अब घायल दलजीत सिंह के बयान दर्ज करेगी और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। वहीं आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।