बठिंडा में भाई से लड़ाई करके नहर में कूदी बहन:बचाने आया मामा हुआ लापता, राहगीरों ने लड़की को निकाला

बठिंडा में भाई-बहन के झगड़े के बाद लड़की ने नहर में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए पीछे से आ रहे उसके मामा ने भी नहर में कूद गए। एक राहगीर ने लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन मामा पानी के तेज बहाव में लापता हो गए। मौके पर एनडीआरएफ और पुलिस प्रशासन मौजूद है और लापता मामा की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना बठिंडा में हुई। जब लड़की नहर में कूदी, तो उसके 35 वर्षीय मामा पंकज दास उसे बचाने के लिए तुरंत नहर में कूद गए। राहगीर ने तत्परता दिखाते हुए लड़की को बचा लिया, लेकिन पंकज दास पानी के तेज बहाव में बह गए और लापता हो गए। मामा की चल रही तलाश घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। फिलहाल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें भी घटनास्थल पर तैनात हैं और लापता पंकज दास को ढूंढने के लिए सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। डीएसपी संदीप सिंह भाटी ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि लड़की को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है और उसकी हालत स्थिर है। उन्होंने कहा कि लापता व्यक्ति की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडर संजीव रतन ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि कुछ लोग पानी में डूब गए हैं, जिनमें से कुछ को मौके पर ही बचा लिया गया। हालांकि, एक व्यक्ति पानी में लापता हो गया। उन्होंने पुष्टि की कि उनकी अलग-अलग टीमें लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *