बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर राज्य में मौजूदा खराब हालात पैदा करने का आरोप लगाया। मीडिया से बात करते हुए हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि कानून-व्यवस्था की स्थिति किस ओर जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में कोई भी सुरक्षित नहीं है, जिसमें राज्य सरकार के विधायक, सांसद और सरपंच भी शामिल हैं।
भगवंत मान सरकार पर साधा निशाना बादल ने आगे कहा कि पहले गैंगस्टर कानून अपने हाथ में ले रहे थे, और अब चुने हुए प्रतिनिधि घरों में घुसकर फायरिंग कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से जल्द से जल्द मौजूदा सरकार से छुटकारा पाने की अपील की और कहा कि पंजाब का भगवान ही रखवाला है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भगवंत मान और केजरीवाल ने ही ये हालात बनाए हैं। वादों को पूरा करने का दिया आश्वासन हरसिमरत कौर बादल ने 2027 के चुनाव में शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनने पर पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल द्वारा किए गए वादों को पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने युवाओं को नौकरी देने और उन्हें कबड्डी, कुश्ती और घुड़सवारी जैसे पारंपरिक मुकाबलों से जोड़ने की बात कही। AAP सरकार पर तंज उन्होंने मौजूदा सरकार को युवाओं के ड्रग्स के दलदल में फंसने और हर दिन उनकी मौत के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने शगुन स्कीम को लड़कियों तक पहुंचाने का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि इस सरकार ने कुछ नहीं किया, केवल पिछली सरकारों की बुराई करती है। गांव की सड़के पक्की करवाने का वादा बादल ने कहा कि पिछले पांच साल कांग्रेस का राज था और पंजाब कुल 10 साल से बुरी हालत में है। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के शासनकाल को याद करते हुए कहा कि उस समय पंजाब तरक्की की राह पर था, सड़कें पक्की थीं, एयरपोर्ट बने थे और बेरोजगारों को नौकरी मिली थी। उन्होंने वादा किया कि उनकी सरकार आने पर पंजाब के हर गांव की सड़कें पक्की होंगी।