बर्थडे के दिन 12 साल के बच्चे की लाश मिली:झांसी में 7 दिन से गायब था, बच्चों ने खेलते हुए कुएं में देखा

झांसी में बर्थडे के दिन 12 साल के बच्चे का शव कुएं में मिला। वह पिछले 7 दिन से लापता था। घर वाले उसकी तलाश में लगे थे। मंगलवार को कुंए के पास खेल रहे बच्चों की नजर उस पर पड़ी। शव उतरा रहा था। शव मिलने की सूचना पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। लाश को देखते ही माता-पिता बेहोश हो गए। परिवार ने हत्या कर शव फेकने का आरोप लगाया है। मामला सदर बाजार थाना के भगवंतपुरा टोरिया मोहल्ले का है। पहले देखिए 2 तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा मामला… स्कूल से घर आया, फिर बाहर गया
सदर बाजार थाना क्षेत्र के भगवंतपुरा टोरिया मोहल्ले में रमेश अहिरवार रहते हैं। वह दिहाड़ी मजदूर हैं। परिवार में पत्नी और 2 बेटा अर्पण और दर्पण थे। बड़ा बेटा अर्पण (12) पास के ही सरकारी स्कूल में कक्षा 6 में पढ़ता था। 10 फरवरी को अर्पण स्कूल गया था। दोपहर में उसने टीचर से बुखार आने की बात कहकर घर जाने की परमिशन ली। वह अपने एक क्लासमेट के साथ स्कूल से निकला, लेकिन घर न जाकर मोहल्ले की दुकान पर कोल्डड्रिंक पीने चला गया। इसी दौरान पिता रमेश ने उसे स्कूल से बाहर घूमते देख लिया और डांटकर घर ले आए। इसके बाद रमेश अपने काम पर चले गए। कुछ देर बाद अर्पण ने मां से स्कूल जाने की बात कही और दोबारा घर से निकल गया, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंचा। शाम तक नहीं लौटा, पुलिस से की शिकायत
दोपहर करीब 3 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी जब अर्पण घर नहीं लौटा, तो परिवार ने उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। पिता का कहना है कि शाम को वह पुलिस के पास भी गए, लेकिन उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। तलाश के दौरान घर से 500 मीटर दूर उस कुएं में भी देखा था, जिसमें आज उसकी बॉडी मिली है। बर्थडे पर बेटे को याद कर उसकी तलाश में निकला पिता
पिछले एक हफ्ते से अपने बेटे की तलाश में भटक रहे अर्पण का परिवार मंगलवार सुबह भावुक हो गया। आज अपर्ण का जन्मदिन था, लेकिन उसका पता नहीं चल रहा था। इससे माता-पिता दोनों बेचैन हो उठे। पिता रमेश अहिरवार बेचैनी की हालत में ही फिर से अपने बेटे की तलाश में निकले थे। इसी दौरान घर से करीब 500 मीटर दूर एक कुएं में बच्चे का शव उतराने की सूचना मिली। रमेश भी वहां पहुंचे। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने रस्सी से जाल बनाकर शव को कुएं से निकाला। इसके बाद रमेश ने अपने बेटे की शिनाख्त की। सूचना मिलते ही बच्चे की मां और अन्य परिजन भी वहां पहुंचे। ग्रामीणों की भीड़ भी जुट गई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने अर्पण का अपहरण कर उसकी हत्या की है। घटना के बाद से गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल है। एहतियातन कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। बेटे की जेब से निकले रुपए
अर्पण का शव कुएं से निकालने के बाद पुलिस ने उसकी जांच की। उसकी जेब से 350 रुपए मिले हैं। पिता का कहना है कि यह पैसे उसने नहीं लिए, ना ही उसकी मां ने दिए। पिता का कहना है कि हम लोग मांगने पर उसे 10 रुपये से ज्यादा नहीं देते थे। वह रुपए भी अर्पण मां के पास जमा कर देता था। यह रुपए कहां से आए। इसकी जांच होनी चाहिए। सीओ सिटी लक्ष्मीकान्त गौतम ने बताया कि 12 साल के बच्चे का शव कुएं में मिला है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। इस एंगल पर भी जांच की जा रही है। मौत के कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे। ——————— ये खबर भी पढ़ें… क्या अखिलेश फिर मायावती को साथ लाना चाहते हैं:नसीमुद्दीन की जॉइनिंग पर बसपा को साधने की कोशिश; देखिए VIDEO लखनऊ में अखिलेश यादव ने 15 फरवरी को नसीमुद्दीन सिद्दीकी को सपा में जॉइन कराया। नसीमुद्दीन का सपा में शामिल होना यूपी के सियासी समीकरण बदलने का संकेत माना जा रहा है। लेकिन, सबसे ज्यादा चर्चा जॉइनिंग के दौरान अखिलेश यादव के बहुजन समाज को लेकर दिए भाषण को लेकर हो रही है। कहा जाने लगा है कि क्या अखिलेश एक बार फिर से मायावती से जुड़ना चाहते है? पढ़िए पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *